नरेन्द्र मोदी के साथ जनता हैौ: भवेश कलिता

जोरहाट (असम), 22 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस चुनाव में हम गिफ्ट देंगे। प्रधानमंत्री के साथ पूरे देश की जनता है। नरेन्द्र मोदी पहले से अधिक सीटें प्राप्त करके तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनेंगे। भाजपा अध्यक्ष आज जोरहाट में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

भवेश कलिता ने कहा कि कांग्रेस के भ्रष्टाचार तथा तानाशाही शासन से तंग आकर लोगों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। देश की जनता और कांग्रेस में जो भी अच्छे लोग हैं सभी भाजपा में आ चुके हैं। पूरे देश की जनता इस समय भाजपा के साथ है।

एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि असम की 14 सीटों में से 13 सीटें जीतना हमारे लिए निश्चित है। 14वां सीट भी हम जीत सकते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता गौरव गोगोई डरते हैं इसलिए उन्होंने काजीरंगा सीट पर चुनाव नहीं लड़ा। उन्होंने कहा कि जोरहाट सीट पर भाजपा उम्मीदवार तपन गोगोई गौरव को 2 लाख से अधिक वोटों से हराएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति फिलहाल धुबड़ी आदि जिलों के चर क्षेत्र में है।

भाजपा सुनियोजित तरीके से चुनाव लड़ती है। इसके सभी नेता और कार्यकर्ता हमेशा ही काम करने के लिए मैदान में उतरे हुए रहते हैं। चुनाव में किए गए वादों को भाजपा शत-प्रतिशत पूरा करती है। यही वजह है कि आज भाजपा के साथ किसी भी राजनीतिक दल का कोई मुकाबला नहीं है। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष ने पत्रकारों के अन्य कई प्रश्नों के भी उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश/अरविंद

   

सम्बंधित खबर