न्यूटाउन में ट्रॉली बैग से शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

कोलकाता, 23 मार्च (हि.स.)। ट्रॉली बैग के अंदर से एक अज्ञात शख्स का शव बरामद किया गया है। पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि मृतक की उम्र 50 साल के करीब है।

सूत्रों के अनुसार, न्यूटाउन के पंचूरिया में तकनीकी भवन के पीछे एक नाले में शनिवार सुबह सफाईकर्मी काम कर रहे थे। उन्हें नाले में एक लाल रंग का ट्रॉली बैग मिला। सफाई कर्मचारी आगे बढ़े तो देखा कि बन्द ट्रॉली बैग से रक्त टपक रहा है। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पाकर टेक्नो सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रॉली बैग का ताला तोड़कर देखा तो अंदर एक शव मिला।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतक ने टी-शर्ट और पायजामा पहन रखा था। व्यक्ति के सिर पर चोट लगी है। खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस के मुताबिक हत्या कहीं और करने के बाद शव को ट्रॉली बैग में डालकर पंचूरिया के नाले में फेंक दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर गये और मामले का जायजा लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव को ट्रॉली बैग में किसने डाला। हिन्दुस्थान समाचार /गंगा

   

सम्बंधित खबर