जगदलपुर : लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पराजय स्वीकार कर ली है : रूपसिंह मण्डावी

जगदलपुर, 23 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी ने शनिवार को कांग्रेस पर हमला बोलते हुये कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने पराजय स्वीकार कर ली है। कांग्रेस के नेता बस्तर लोकसभा में भाजपा की जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त है इसलिये चुनाव लड़ने के लिए कोई भी कांग्रेसी तैयार नहीं हो रहा है। कांग्रेस बस्तर लोकसभा सीट में उम्मीदवार इन्हीं कारणों से घोषित नहीं पा रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष रूप सिंह मण्डावी ने कहा कि भाजपा के द्वारा बस्तर लोकसभा चुनाव उम्मीदवार महेश कश्यप के नाम घोषणा किये आज 20 दिन हो गये हैं। वहीं कांग्रेस अपना उम्मीदवार तक चुनाव लड़ाने के लिये ढूंढ़ नहीं पा रही है। देश के इतने पुराने राजनीतिक दल की ऐसी स्थिति भी बन जायेगी, यह किसी ने भी नहीं सोचा था। विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिली करारी हार से कांग्रेस उबर नहीं पायी है। कांग्रेसियों में लोकसभा चुनाव में भी पराजित होने का भय हावी हो गया है।

रूप सिंह मण्डावी ने कहा कि कांग्रेस के पास बस्तर लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने के लिये कई कांग्रेसी नेता हैं, लेकिन जिसका भी नाम उम्मीदवार बनाने आगे किया जा रहा है, वो अपनी टिकट दूसरे की ओर उछाल रहा है। चुनाव लड़ने को कोई भी कांग्रेसी नेता तैयार नहीं है । यकीन नहीं होता कि देश में सबसे अधिक समय तक शासन चलाने वाले कांग्रेस पार्टी को ऐसे दिन भी देखने पड़ रहे है। अब तो चुनाव लड़ने के बजाय कांग्रेस को अपनी स्थितियों की समीक्षा व चिंता करने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ राकेश पांडे

   

सम्बंधित खबर