मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी मुख्यालय में मनाई होली

-नए भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन से जुटे कार्यकर्ता : मुख्यमंत्री

देहरादून, 24 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय में रविवार शाम पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नए भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन से जुटने को कहा।

बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं को होली की शुभकामनाएं देते हुए सभी को अबीर-ग़ुलाल लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का त्योहार सबके लिए खुशियां लेकर आए। होली के रंगों से लोगों के जीवन में नई उर्जा, उमंग, उन्नति एवं उल्लास का संचार हो। उन्होंने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से होली के दौरान नए भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से जुट जाने की बात कही।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सविता कपूर, विधायक खजान दास और अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/रामानुज

   

सम्बंधित खबर