लोस चुनाव : कई अटकलों के बीच भाजपा से मेनका गांधी इस बार भी मैदान में

सुलतानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने होली के एक दिन पहले सुलतानपुर संसदीय सीट पर फिर से मेनका गांधी को उतार कर तमाम तरह की अटकलों पर विराम लगा दिया है।

मेनका गांधी की पहचान भारत की प्रसिद्ध राजनेत्री एवं पशु-अधिकारवादी के रूप में है। वह पूर्व में पत्रकार भी रह चुकी हैं। भारत की प्रथम महिला प्रधान मंत्री इन्दिरा गांधी के छोटे पुत्र स्व. संजय गांधी की पत्नी के रूप में वे अधिक विख्यात हैं। उन्होंने अनेकों पुस्तकों की रचना की है तथा उनके लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रायः आते रहते हैं।

मेनका गाँधी भारतीय राजनीतिज्ञ स्व. संजय गांधी की पत्नी हैं। वह एक भारतीय राजनीतिज्ञ, पशु अधिकार कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् के रूप में भी जानी जाती हैं। वह पिछले चार सरकारों में मंत्री रही हैं। 2014 से मई 2019 तक नरेंद्र मोदी की सरकार में भी मंत्री रह चुकी हैं।

मेनका गांधी 1984 में राजीव गांधी अमेठी (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से 2.7 लाख वोटों से हार गयी थीं। एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ी थीं। 1989-91 जनता दल पार्टी के टिकट पर पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य चुनी गयीं। 1991 के चुनाव में पीलीभीत में जनता दल के उम्मीदवार के रूप में भाजपा के परशुराम से चुनाव हार गयीं। 1996-98 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, जनता दल पार्टी के टिकट पर चुनी गयी। 1998-99 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनी गयीं। 1999-2004 पीलीभीत (लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र) से लोकसभा सदस्य, एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनी गयीं।

-भाजपा के साथ शुरू हुआ सफर

2004-09 - पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर जीतीं।

2009-14 - आंवला लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतीं।

2014-19 - पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भाजपा के टिकट पर चुनी गईं।

2019–वर्तमान - सुल्तानपुर लोकसभा क्षेत्र से लोकसभा सदस्य, भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतीं। लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम में मेनका संजय गांधी को कुल 4,59,196 मत मिले थे।(45.88 प्रतिशत) और गठबंधन में बसपा उम्मीदवार पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह सोनू को 4,44,670 मत (44.43 प्रतिशत) मिले। कांग्रेस के डॉ.संजय सिंह को कुल 41,681 (4.16 प्रतिशत) मत मिले थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर सीट से बीजेपी प्रत्याशी मेनका गांधी को बसपा उम्मीदवार चंद्रभद्र सिंह सोनू से कड़ी टक्कर मिली थी। मेनका गांधी इस चुनाव में महज 14 हजार मतों से ही चुनाव जीती थीं। चुनाव में तीसरे प्रत्याशी कांग्रेस संजय सिंह थे।

मेनका गांधी जी वर्तमान में सुल्तानपुर जिले की सांसद है, और जिले के पिछड़ेपन को लगातार दूर करती जा रही हैं। जिले को हाइटेक बनाने का काम लगातार कर रही हैं। मेनका गांधी को सुल्तानपुर की जनता प्यार से माँ कहकर भी बुलाती है, यह इनके करिश्माई कामों की वज़ह से ही हो सका है।

हिन्दुस्थान समाचार/दयाशंकर

/राजेश

   

सम्बंधित खबर