गुरु गोविन्द सिंह महाराज के प्रकाशोत्सव पर निकली शोभायात्रा,नगर कीर्तन

गुरू गोविन्द सिंह महाराज के प्रकाशोत्सव पर निकली शोभायात्रा: फोटो बच्चा गुप्ता

वाराणसी,14 जनवरी (हि.स.)। खालसा पंथ के संस्थापक,दसवें गुरु श्री गुरु गोविन्द सिंह महाराज के 357वें प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में रविवार को भव्य शोभायात्रा नगर कीर्तन निकाली गई। शोभायात्रा जुगो-जुग अटल श्री गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में गुरुद्वारा बड़ीसंगत, नीचीबाग से आरम्भ होकर चौक, गोदौलिया, गिरजाघर चौराहा, नईसड़क, लहुराबीर, कबीरचौरा, मैदागिन होते हुए वापस पुनः गुरुद्वारा बड़ीसंगत, नीचीबाग पहुंची। शोभायात्रा में परम्परानुसार श्री गुरु ग्रन्थ साहिब की सवारी गाड़ी को फूल-माला एवं बिजली के झालरों से सजाया गया था। शोभायात्रा के साथ पंज प्यारे पैदल एवं पंज प्यारे घोड़े वाले चल रहे थे। महिलाएं,पुरुष गुरुवाणी शब्द कीर्तन करते हुए चल रहे थे। अमृतसर से आये गतका पार्टी भाई मनेन्द्र सिंह भिन्न-भिन्न मार्गों पर शस्त्र-कला कौशल का प्रदर्शन करते हुए तथा पाइप बैण्ड पंजाब वाले काशी की संगत को निहाल करते रहे। गुरुनानक इंग्लिश मीडियम स्कूल व गुरुनानक खालसा बालिका इंटर कालेज गुरुबाग,गुरुनानक इंग्लिश स्कूल शिवपुर की बच्चे विशेष परिधान पहनकर शबद गायन एवं जैकारा लगाते हुए चल रहे थे। शोभा यात्रा में बैन्ड-बाजे विभिन्न पोशाकों में भक्तिमय धुनों 'देहि शिवा वर-मोहे इहे. शुभ करमन ते कबुहों न टरो' की धुन बजाते हुए चल रहे थे। साथ में रंग- बिरंगे रोड लाइट, घोड़े भी शामिल होकर नगर कीर्तन की शोभा बढ़ा रहे थे। शोभायात्रा की पवित्रता के लिए संगत सड़क की सफाई झाडू लगाकर एवं पानी छिड़क कर रही थी। बच्चे स्वच्छ काशी, सुन्दर काशी का बैनर लहराते चल रहे थे। शोभायात्रा जिस मार्ग से गुजर रही थी, वहीं लोग श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी की पूजा कर पुष्प वर्षा कर रहे थे। शोभायात्रा के गुरुद्वारा बड़ी संगत, नीचीबाग पहुंचने पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की आरती व संगत द्वारा पुष्प-वर्षा हुई। अरदास के उपरांत गुरुद्वारा साहिब में गुरुग्रंथ साहिब को सुखासन स्थान ले जाया गया। इसके बाद गुरू का अटूट लंगर लोगों ने चखा।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/सियाराम

   

सम्बंधित खबर