फूलडोल महोत्सव में सांवलिया सेठ के दर उमड़ा श्रद्धा का ज्वार, भगवान संग भक्तों ने खेली होली

चित्तौड़गढ़, 25 मार्च (हिस)। जिले के प्रख्यात कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में धुलंडी के अवसर पर फूलडोल महोत्सव में श्रद्धा का ज्वार उमड़ पड़ा। सुबह 11.30 बजे बाद भक्तों ने भगवान के संग होली खेली। भगवान के संग होली खेलने को लेकर इस बार श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हजारों की संख्या में बाहर से भी श्रद्धालु मंडफिया कस्बे में पहुंचे हैं। ऐसे में यहां भारी भीड़ देखने को मिल रही है। स्थिति यह हो गई है कि बार-बार नेटवर्क जाम हो रहा है। मंदिर में धुलंडी पर फूलडोल महोत्सव सोमवार को मनाया गया। राजभोग आरती के बाद भगवान के संग भक्त होली खेली। यहां एक विशाल जुलूस निकाला गया। आयोजन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई थी।

सांवलियाजी सेठ के दर फूलडोल महोत्सव मनाने को लेकर राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र गुजरात सहित कई राज्यों से श्रद्धालुओं यहां पहुंचे हैं। स्थिति यह है कि कस्बे की अधिकांश होटल और धर्मशालाएं फुल हो गई हैं। कई श्रद्धालु तो ऐसे भी हैं जो सुबह दर्शन कर के अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए। लेकिन अधिकांश श्रद्धालु भगवान के संग होली खेलने के लिए अभी सांवलियाजी में रुके हुए हैं। सुबह होने के साथ ही आपस में ही रंग-बिरंगे रंगों से होली खेलना शुरू कर दिया था ऐसे में कई लोग गुलाल में रंगे हुए नजर आ रहे हैं। जैसे ही फूलडोल महोत्सव शुरू होगा श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है। राजभोग आरती के बाद भगवान के बाल स्वरूप को पुजारियों ने होली खिलाई और गृभगृह से बाहर लाए। इसके साथ ही हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के जयकारे गूंज उठे। भगवान के बाल स्वरूप को बेवान में स्थापित कर बाहर लाए तो सांवलिया सेठ के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान को फूलों और गुलाल से होली खेलाई। पूरा क्षेत्र में रंग बिरंगी गुलाल उड़ती दिखाई दी। बाद में भगवान को बेवान में स्थापित कर बाहर लाया गया। यहां भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने की खुशहाली की कामना

इधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने भी होली का त्यौहार भगवान श्री सांवलियाजी मंदिर में मनाया। वे दोपहर में मंडफिया कस्बे में पहुंचे। यहां कस्बे के लोगों को होली की शुभकामनाएं दी। जोशी ने फूलडोल की शोभायात्रा में जाकर दर्शन किए। इसके बाद वे सांवलियाजी मंदिर आए। यहां दोपहर बाद दर्शन कर प्रदेश और देश में खुशहाली के लिए कामना की। बाद में उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुवे कहा कि यह भाईचारे का त्यौहार है। भगवान सांवलिया सेठ सभी के जीवन में खुशी के रंग भर दें। सभी के जीवन में हमेशा खुशी रहे। यह हमारा पारंपरिक त्यौहार है। पूरे देश में गले मिल कर लोग खुशियां बांटते है। इधर, मंदिर दर्शन के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जोशी के साथ विधायक अर्जुनलाल जीनगर, जिलाध्यक्ष मिठूलाल जाट, जिला महामंत्री रघु शर्मा, पूर्व महामंत्री कमलेश पुरोहित, विजय सिंह, भदेसर मंडल अध्यक्ष राजकुमार सुखवाल, गोवर्धन जाट, पूर्व मंदिर बोर्ड सदस्य भैरू सोनी सहित अनिल शर्मा, रमेश पामेचा सहित कई कस्बेवासी मौजूद रहे। मंदिर में दर्शन के बाद प्रदेश अध्यक्ष जोशी श्रद्धालुओं के बीच में पहुंचे और गुलाल लगा कर श्रद्धालुओं को होली की शुभकामनाएं दी। मंदिर में दर्शन के दौरान भक्तों के साथ जोशी भी भजन गाते नजर आए।

हिंदुस्थान समाचार/अखिल/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर