भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार बनाएं प्रधानमंत्री: हितानंद शर्मा

सागर, 27 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए कार्य कर हरे हैं। भाजपा वर्ष 2047 तक भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए कार्य कर रही है। भारत को विश्व गुरु बनाने का कार्य भाजपा और उसकी सरकार ही कार्य कर सकती है। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी को ऐतिहासिक बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए सभी मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कार्य करें।

यह बात भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बुधवार को सागर में जिला पदाधिकारियों एवं मोर्चा, प्रकोष्ठों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल भाजपा और भाजपा सरकार को लेकर अनर्गल और मनगढंत आरोप लगाकर, मायाजाल फैलकर देशवासियों को भ्रमित करने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता विपक्षी दलों के लोगों को भ्रमित करने वाली बातों का तथ्यों के साथ करारा जवाब दें। नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए कोई भी देश भारत की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सकता।

370 से अधिक सीटों के साथ जीतना आवश्यक

हितानंद शर्मा ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव देश की दिशा और दशा को तय करने वाला चुनाव है। यह देश की प्रतिष्ठा का चुनाव है। भारत विश्व गुरू तभी बन सकता है, जब देश में ऐतिहासिक बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बने और मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनें। मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया और अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कराकर वहां भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा कराई।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार में देश की सीमाएं पूरी तरह से सुरक्षित हैं। मोदी को कई ऐतिहासिक कार्य करने हैं, जिसके लिए इस लोकसभा चुनाव में भाजपा को 370 और भाजपा गठबंधन को 400 से अधिक लोकसभा सीटों पर विजय प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। आप सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर 370 नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ने के साथ 10 प्रतिशत वोट शेयर बढ़ाने के लिए कार्य करें। पार्टी देश में 370 से अधिक और प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक विजय प्राप्त करे, इसके लिए आप सभी मोर्चा, प्रकोष्ठों और जिला जिले के पदाधिकारियों और कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्वों का निर्वाहन पूर्ण जवाबदारी व सक्रियता से करें।

विपक्ष पार्टियों का असली चेहरा आम जनता के सामने उजागर करें

उन्होंने कहा कि देश की विपक्षी पार्टियां मायाजाल फैलाकर देशवासियों को भ्रमित करने का कार्य कर रही हैं, जबकि सच्चाई इसके ठीक विपरीत है। इसलिए आप सभी पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता जनता के सामने विपक्षी दलों की सच्चाई व असली चेहरा आम जनता के सामने लाने का कार्य करें। विपक्षी दलों के मिथ्या व मनगढंत आरोपों का पार्टी कार्यकर्ता तथ्यों के साथ जवाब दें।

इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह, प्रदेश मंत्री व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. लता वानखेड़े, प्रदेश मंत्री व लोकसभा प्रभारी प्रभुदयाल पटेल, विधायक शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, महापौर संगीता तिवारी, जिला महामंत्री श्याम तिवारी, अमित कचवाहा व मोनू चौहान मंचासीन रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश

   

सम्बंधित खबर