बागीदौरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस छोड़कर आए सुभाष तंबोलिया को मिला भाजपा का टिकट

जयपुर, 29 मार्च (हि.स.)। बागीदौरा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सुभाष तंबोलिया को उम्मीदवार घोषित किया है। यह सीट 19 फरवरी को तत्कालीन कांग्रेस विधायक महेंद्रजीत सिंह मालवीया के इस्तीफा देने से खाली हुई थी।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों मालवीया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। भाजपा ने मालवीय को बांसवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने अभी उम्मीदवार का ऐलान नहीं किया है। बागीदौरा सीट पर 26 अप्रैल को मतदान होगा। परिणाम चार जून को घोषित होगा। तंबोलिया ने 10 मार्च को बांसवाड़ा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी की मौजूदगी में पार्टी जॉइन की थी। वह मालवीया समर्थक माने जाते हैं। तंबोलिया बागीदौरा और गांगड़तलाई से पंचायत समिति के प्रधान रहे हैं। अभी गांगड़तलाई पंचायत समिति से उनकी मां विसली देवी तंबोलिया प्रधान हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर