एक अप्रैल को नहीं मिलेगी महतारी वंदन योजना की राशि: मुख्यमंत्री साय

रायपुर , 31 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने एक हजार रुपये देती है। अप्रैल में एक तारीख को दूसरी किस्त महिलाओं को मिलने वाली थी, किन्तु अब एक अप्रैल को सरकार महिलाओं को पैसा नहीं देगी। मुख्यमंत्री साय ने इसकी वजह वित्तीय वर्ष खत्म होना बताया है।

शनिवार को जब रायपुर के कांदुल में सीएम साय भाजपा के विजय बूथ अभियान में शामिल हुए तब उन्होंने महतारी वंदन योजना को लेकर कहा कि एक अप्रैल को महिलाओं को पैसे देने का वादा किया था, लेकिन 1 अप्रैल को पैसा नहीं दे पाएंगे, क्योंकि वित्तीय वर्ष खत्म हो रहा है। एक अप्रैल को छुट्टी का दिन होगा, मुझे इसकी जानकारी नहीं थी। अब 2 या 3 अप्रैल को को महिलाओं के खाते में पैसे डाले जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/ गेवेन्द्र

   

सम्बंधित खबर