एनडीए की लहर से इंडी गठबंधन हताश हो चुका: अनुप्रिया पटेल

मेरठ, 31 मार्च (हि.स.)। अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए की लहर से इंडी गठबंधन हताश हो चुका है। समाजवादी पार्टी अपने उम्मीदवारों में रोज बदलाव कर रही है। प्रधानमंत्री ने अगले 25 वर्षों में भारत को विकसित देश बनाने का संकल्प लिया है। इस यज्ञ में जनता का एक-एक वोट अपना काम करेगा।

अनुप्रिया ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना पूरे देश के लोगों के लिए गौरव का क्षण रहा है। मेरठ की इस क्रांतिधरा से 2024 के चुनाव का शंखनाद करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं। इससे पहले के दो लोकसभा चुनावों में भी मेरठ की धरती से चुनाव प्रचार का श्रीगणेश किया था। यह धरती एनडीए गठबंधन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। देश में एनडीए की मजबूत सरकार बनी है। दस साल के कार्यकाल के बाद एनडीए सरकार अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच आई है। दोनों बार जनता ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अपना भरोसा जताया। सरकार ने भी विकास के अनेक कीर्तिमान स्थापित किए। चार जून को एनडीए गठबंधन तीसरी बार देश की बागडौर संभालेगा। 2014 के पहले भारत की अर्थव्यवस्था 11वें नंबर पर थी, आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। भारत आज परिवर्तन के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप/सियाराम

   

सम्बंधित खबर