भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के चुनाव प्रचार को धार देने में जुटीं डा. सुषमा शेखर

सुषमा शेखर

बलिया, 04 मई (हि.स.)। देश में हो रहे लोकसभा चुनाव के प्रचार में प्रत्याशियों की पत्नियां भी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। बलिया संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर की पत्नी डा. सुषमा शेखर ने भी कमान संभाल ली है।

पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर 2007 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में मोदी लहर दिखी तो उनकी पत्नी डा. सुषमा शेखर ने भी प्रचार अभियान में नीरज शेखर का साथ दिया था। मोदी लहर में उनका प्रचार काम न आया था। हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान डा. सुषमा शेखर की सादगी देख हर कोई उनकी सराहना करने लगा था।

2024 के लोकसभा चुनाव में नीरज शेखर अब भगवा झंडे के नीचे आकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी के रूप में लगभग पखवाड़े भर से वे अपनी जीत के लिए भाजपा के सांगठनिक रणनीति के तहत प्रचार में जुटे हैं। इसी बीच उनकी चिकित्सक पत्नी डा. सुषमा शेखर ने भी बलिया में डेरा जमा लिया है। शुरुआती दो-तीन दिन उन्होंने संसदीय क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में मत्था टेक कर संदेश देने का प्रयास किया है कि चुनावी मैदान में नीरज शेखर के प्रचार अभियान को धार देने आ गई हैं। लोग उनकी सादगी को पसंद भी कर रहे हैं। शुक्रवार को केंद्रीय कार्यालय के उद्घाटन में सनातन परंपरा के अनुरूप उन्होंने अपने पति नीरज शेखर के बगल में बैठ कर वैदिक विधि से पूजन किया। लोगों, खासकर महिलाओं से कनेक्ट का उनका तरीका खूब पसंद किया जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा प्रत्याशी के प्रतिद्वंद्वियों की पत्नियां कब प्रचार अभियान में भाग लेती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/मोहित

   

सम्बंधित खबर