शेखावत की पहल पर अरुणाचल का परशुराम कुंड बन रहा ब्रह्म तीर्थ

जोधपुर, 31 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने रविवार को विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। विप्र सेना के होली स्नेह मिलन फाग महोत्सव में शेखावत ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश में भगवान परशुराम कुंड को ब्रह्म तीर्थ के रूप में विकसित किया जा रहा है। समाज के सहयोग से वहां भगवान परशुराम की विशाल मूर्ति स्थापित हो रही है।

फाग महो्त्सव में भाजपा प्रत्याशी शेखावत ने बताया कि उन्हें पिछले कार्यकाल में कृषि राज्यमंत्री रहते हुए अरुणाचल प्रदेश जाने का मौका मिला था। वहां उन्हें परशुराम कुंड देखने का सौभाग्य मिला। उसे देखकर उनके मन में प्रेरणा जागी कि इस स्थान को विकसित किया जा सकता है। इस संबंध में उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, गृह मंत्री अमित शाह, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू और ब्राह्मण समाज का भरपूर साथ मिला। आज अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड को ब्रह्म तीर्थ के रूप विकसित किया जा रहा है। आज वहां न केवल भगवान परशुराम जी की विशाल मूर्ति स्थापित हो रही है, बल्कि 5000 करोड़ के विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं।

शेखावत ने बताया कि अगले छह माह के दौरान वो जगह पूरी तरह विकसित हो जाएगी। उसके बाद हर साल वहां एक करोड़ से अधिक लोग दर्शन करने के लिए जाएंगे। उन्होंने ब्राह्मण समाज से भी अपील की कि वहां एक बार दर्शन के लिए जरूर जाएं। शेखावत ने उनके संकल्प को पूरा करने के लिए सभी का आभार जताया। भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि देश परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। पिछले 10 साल में देश में बड़े बदलाव आए हैं। समाज के अग्रणी लोग, विशेषकर ब्राह्मण समाज ने जब-जब अपनी भूमिका का सही निर्वहन किया, तब-तब समाज में निरंतर परिवर्तन आया। फाग महोत्सव के दौरान मनमोहक झांकियां और कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। विप्र सेना प्रमुख सुनील तिवाड़ी सहित विप्र समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

लोकतंत्र के महायज्ञ में बनें सहभागी

भाजपा प्रत्याशी शेखावत ने प्राकृतिक चिकित्सालय श्री जागृति संस्थान व श्री माणक शिव न्यास के कार्यक्रम में भागीदारी की। उन्होंने लोगों से संवाद किया और मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी पांच वर्ष का कालखंड विकसित भारत की आधारशिला रखेगा, इसलिए इस लोकतंत्र के महायज्ञ में सहभागी बनने के साथ ही बदलाव का हिस्सा बनें। कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश गांधी, सुरेश राठी, शिवप्रकाश अरोड़ा, माधोदास मोदी, डॉ. पद्मजा शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिव प्रकाश आरोड़ा द्वारा रचित 'मोह के संबंध' लघु कथा संग्रह परिवर्तन का विमोचन भी किया।

पाल बालाजी मंदिर में किए दर्शन

भाजपा प्रत्याशी शेखावत ने पाल बालाजी मंदिर जाकर दर्शन किए। उन्होंने बालाजी महाराज के दरबार में धोक लगाई और मंदिर के पुजारी जी से आशीर्वाद लिया।

पेंशनर्स संग खेली फूलों की होली

शेखावत ने राजस्थान पेंशनर समाज उप शाखा प्रतापनगर में पेंशनर समाज के होली स्नेह मिलन समारोह में वरिष्ठ पेंशनर्स के साथ फूलों की होली खेली। कार्यक्र में 75 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सदस्यों का सम्मान भी किया गया।

होली मिलन में पहुंचीं शेखावत की धर्मपत्नी

मिल्कमैन कॉलोनी में होली मिलन समारोह में भाजपा प्रत्याशी शेखावत के परिवार के सदस्यों ने भागीदारी निभाई। धर्मपत्नी नोनद कंवर ने सभी का आभार अभिनंदन किया और मोदी जी के संकल्प को दोहराया। घनश्याम भाटी पार्षद वार्ड के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में महापौर वनिता सेठ, पार्षद संगीता सोलंकी, अशोक भाटी गीता भाटी, कमलेश गोयल, गायिका रेखा भाटी, कमल भाटी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/ इंदु/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर