कांग्रेस समेत कई पार्टियों के नेता भाजपा में शामिल

गुवाहाटी, 31 मार्च (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता की उपस्थिति में आज राजधानी के बशिष्ठ स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय 'अटल बिहारी वाजपेयी भवन' में कांग्रेस समेत कई पार्टियों नेता भाजपा में शामिल हो गए।

भाजपा की नीतियों-आदर्श और विकास कार्यों के प्रति आकर्षित होकर कांग्रेस नेता किशोर भट्टाचार्य, भास्कर दहाल और पूर्व विधायक अनंत कुमार मालो के साथ अन्य पार्टियों के नेता एवं कार्यकर्ता भाजपा में आज औपचारिक रूप से शामिल हो गए।

समारोह में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कलिता ने कहा कि जो लोग आज शामिल हुए हैं वे आने वाले दिनों में भाजपा की संगठनात्मक ताकत को और मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के कल्याणकारी कार्यों ने लोगों को हर स्तर पर आश्वस्त किया है। जनता ने अब सरकार को ईमानदारी से स्वीकार कर लिया है।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित समारोह में भाजपा असम प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अशोक भट्टराई और विधायक दिगंत कलिता समेत अन्य नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/प्रभात

   

सम्बंधित खबर