महिला कार्यकर्ता को प्रतिनिधित्व करने का मिला मौका, खुलकर आशीर्वाद दें: प्रहलाद सिंह पटेल

बालाघाट, 31 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कर रहा है। पूरा विश्व आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत को एक नई आशा के साथ देख रहा है। प्रधानमंत्री ने महिलाओं के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित कर रहे हैं, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में कई उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। इतना ही नहीं देश की लोकसभा और प्रदेशों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रधानमंत्री ने नारी शक्ति वंदन कानून भी बनाया है। नारी शक्ति वंदन की मंशा के अनुसार ही बालाघाट से भारती पारधी को पार्टी ने लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। बालाघाट संसदीय क्षेत्र से पार्टी ने महिला कार्यकर्ता को मौका दिया है। आप सब लोग भाजपा की महिला कार्यकर्ता को खुलकर आशीर्वाद दें।

यह बात पंचायत मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने रविवार को बालाघाट में विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरीकगण और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आप सभी लोग पार्टी की प्रत्याशी भारती पारधी को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाकर देश को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभायें। पार्टी ने एक महिला कार्यकर्ता को बालाघाट संसदीय क्षेत्र से प्रतिनिधित्व करने का मौका दिया है, जो निश्चित रूप से एक गौरवशाली इतिहास बनेगा।

प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने विश्व को दिशा दिखाई है

मंत्री पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्थायी सरकार देने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रभावशाली नेतृत्व व नीतियों ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है। हाल ही में संपन्न हुए जी-20 की भारत में हुई बैठकों के साथ कोरोना संक्रमण काल हो या रूस-यूक्रेन युद्ध का मामला, इन सभी मामलों में प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों ने विश्व को दिशा दिखाई है। अभी भारत में कुछ बड़े व महत्वपूर्ण निर्णय होना बाकी है, जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ऐतिहासिक बहुमत से तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए पार्टी प्रत्याशी भारती पारधी को जिताएं। आपका मत और आशीर्वाद देश को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर