खाता फ्रीज करने की झूठी बात कहकर भ्रम फैला रही है कांग्रेस : विमला प्रधान

खूंटी, 1 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस यह भ्रम फैला रही है कि आयकर विभाग ने कांग्रेस के खाते को फ्रीज कर दिया है, जबकि सच्चाई यह है कि आयकर विभाग ने केवल बकाया टैक्स की रकम खर्च करने पर रोक लगाई है। ये बातें प्रदेश की पूर्व मंत्री विमला प्रधान ने कही। प्रधान सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रही थी।

उन्होंने कहा कि असेसमेंट वर्ष 2018-19 में कांग्रेस पार्टी द्वारा अधिनियम 13(ए) का उल्लंघन करने पर आयकर विभाग द्वारा कार्रवाई प्रारंभ की गई। कमिश्नरेट में कांग्रेस की अपील खारिज होने के बाद आयकर विभाग द्वारा उसे कई नोटिस दिए गए, लेकिन इन नोटिसों का अनदेखा करने पर जब विभाग ने देनदारी रिकवरी की प्रक्रिया शुरू की, तो कांग्रेस ने पहले आयकर ट्रिब्यूनल, फिर उच्च न्यायालय में याचिका दायर की, लेकिन दोनों जगह कांग्रेस की याचिका खारिज होने पर अब देश की जनता को गुमराह करने के प्रयास में जुट गई है।

उन्होंने कहा कि दरअसल सच्चाई यह है कि 60 वर्षों तक देश में तानाशाह की तरह शासन करने वाले कांग्रेस पार्टी के नेताओं का मानना है कि देश की संवैधानिक संस्थाएं उनकी जागीर हैं और नियम-कानून को मानने से उनका अपमान होता है। कांग्रेस जैसे ही अपने अपराधों में फंसती है, उसके नेता लोकतंत्र की दुहाई देने लगते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में कानून सबके लिए बराबर है, कानूनी कार्रवाई के बीच कोई आएगा तो उसे कानून का पालन करना ही पड़ेगा। मोदी सरकार में पारदर्शी लोकतंत्र है और रहेगा। कांग्रेस पार्टी के झूठे इल्जामों में कोई दम नहीं है। देश की जनता के सामने पूरी सच्चाई आ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर