कानपुर में अबकी बार डेढ़ नहीं पांच लाख वोटों से होगी भाजपा की जीत : प्रकाश पाल

कानपुर, 04 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) कानपुर लोकसभा सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। इसका अंदेशा विपक्षी गठबंधन को भी हो गया है, लेकिन उन्हें यह पता नहीं है कि जीत कितनी भारी होने जा रही है। जनता का रुझान और पार्टी कार्यकर्ताओं की जबरदस्त मेहनत स्पष्ट बयां कर रही है कि अबकी बार डेढ़ लाख नहीं पांच लाख से अधिक वोटों से भाजपा की जीत होगी। यह बातें गुरुवार को भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव हो उम्मीदवार से अधिक संगठन की भूमिका अहम होती है और भाजपा के पास मजबूत संगठन है। पार्टी की नीतियों और मोदी सरकार की उपलब्धियों को हमारे कार्यकर्ता सीधे घर-घर तक पहुंचाने में सफल हो रहे हैं। भाजपा 2014 और 2019 में भी मजबूत बूथ प्रबंधन के दम पर चुनाव जीती थी। प्रत्येक बूथ पर पिछली बार की अपेक्षा अबकी बार 370 वोट अधिक लाने का लक्ष्य रखा गया है। कानपुर लोकसभा क्षेत्र में 1607 बूथ और 22 हजार से ज्यादा पन्ना प्रमुख हैं। 2019 के चुनाव में एक लाख पचपन हजार मतों से भाजपा जीती थी परंतु अबकी बार पांच लाख वोटों से भाजपा प्रत्याशी की जीत होगी। प्रत्येक बूथ पर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के अलग-अलग व्हाट्सएप ग्रुप बने हुए हैं। इन व्हाट्सएप ग्रुप में पार्टी द्वारा नियमित रूप से प्रचार से जुड़े संदेश भेजें जा रहे हैं।

आगे कहा कि 14 अप्रैल अंबेडकर जयंती के दिन हर बूथ पर पार्टी टिफिन बैठकें कर समरसता दिवस मनाएगी। 9 से 17 अप्रैल तक नवरात्र के दौरान महिला मोर्चा द्वारा मंदिरों में कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शक्ति केंद्र स्तर पर पंच परमेश्वर बूथ अध्यक्ष,बीएलएटू,बूथ सचिव बस्ता प्रमुख की बैठकें होंगी। 20 अप्रैल के बाद विधानसभा सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे जिसमें प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता शामिल होंगे। 18 से 25 अप्रैल के बीच पार्टी पन्ना प्रमुख के सम्मेलन होंगे। भाजपा प्रत्येक शक्ति केंद्र पर नुक्कड़ सभा करेगी। नुक्कड़ सभा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश आम मतदाताओं तक पहुंचाया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अजय/राजेश

   

सम्बंधित खबर