कर्ज के पैसे वापस मांगने पर अंधविश्वास का खेल रचकर अधेड़ की हत्या कराने वाली भक्तिन गिरफ्तार

पलामू, 2 जुलाई (हि.स.)। जिले के रामगढ थाना क्षेत्र के बभंडी के सरजू राम हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता भक्तिन को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। महिला की पहचान चौपरिया टोला लमटी की अमावस्या देवी के रूप में हुई है। हत्या के बाद से महिला फरार चल रही थी। पुलिस ने उसे नावाडीह पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार किया। महिला कमाने के लिए बाहर जा रही थी।

इससे पहले 16 जून को पुलिस ने सरजू राम हत्याकांड के दो आरोपी लमटी के किशुनदेव उरांव एवं संतोष उरांव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सरजू की हत्या 10 हजार बकाया पैसे मांगने पर हुई थी। सरजू ने अमावस्या देवी को 10 हजार रूपए कर्ज दिया था। सरजू अपने पैसे वापस मांग रहा था। अमावस्या पैसे नहीं देना चाहती थी। उसने अंधविश्वास का खेल रच कर सरजू की हत्या करा दी थी। हत्या में शामिल दोनों आरोपी क्रमशः विष्णु देव के बेटे की बीमारी से मौत हो गई थी, जबकि संतोष उरांव की पत्नी बीमार रहती थी। इसी का फायदा उठाकर महिला अमावस्या देवी ने सरजू राम द्वारा डायन ओझा लगाकर उन्हें बीमार करने एवं मारने की जानकारी आरोपियों को दी थी। ऐसा मोटिवेट किया कि वे हत्या करने पर उतारू हो गए थे।

इस संबंध में सरयू राम के पुत्र सीता राम ने रामगढ़ थाना में मामला दर्ज कराया था। अनुसंधान के दौरान करीब एक महीने बाद दोनों आरोपी पकड़े गए, जबकि साजिशकर्ता की गिरफ्तारी आज हुई। कार्रवाई टीम में थाना प्रभारी दल बल के साथ शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप

   

सम्बंधित खबर