कांग्रेस के न्याय पत्र पर मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कसा तंज, कहा- उनके मुंह से न्याय शब्द शोभा नहीं देता

भोपाल, 5 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए कांग्रेस ने शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र नई दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय से जारी कर दिया है। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र को ‘न्यायपत्र’ नाम दिया है। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने बड़ा हमला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस के मुंह पर न्याय शब्द शोभा नहीं देता है।

डाॅ माेहन यादव ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र जिसे न्याय पत्र नाम दिया गया है। कांग्रेस अन्याय के पहाड़ पर बैठी हुई सदैव पूरे देश के किसान गरीब मजदूर युवा सबसे के साथ अन्याय करते हुए अपना समय गुजारा है। ऐसे में उनके मुंह से न्याय शब्द शोभा नहीं देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 29 सीटों में से कांग्रेस केवल एक सीट पर महिला को चुनाव लड़वा रही है जबकि भाजपा 6 सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया है। हिस्सेदारी परिवार से बाहर नहीं आने देना है। सभी कांग्रेस के बड़े नेता से लेकर इंडिया गठबंधनके सभी लोग अपने परिवार से बाहर किसी कि हिस्सेदार बरदाश्त नहीं कर पाये।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने निशाना साधते हुए कहा कि कौन कौन से घोटाले कांग्रेस ने नहीं किये। गरीब, किसान, मजदूर किसी का पैसा उनके हक का उनके खाते में नहीं जाने दिया। खुद कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी इस बात को स्वीकार कर चुके है कि हम एक रुपया पहुंचाते है और 15 पैसा पहुचता है। उससे उलट मोदी जी के नेतृत्व में पूरा पैसा सभी हितधारकों को पैसा पहुंच रहा है। इसका मतलब यह है कि यह केवल चुनाव की दृष्टि से कर्मकांड है, कांग्रेस का। कांग्रेस हारी हुई लड़ाई लड़ रही है। सीएम डॉ यादव ने कहा कि मुझे इस बात का संतोष है प्रदेश में मोदी मय है। पूरे प्रदेश में मोदी की हवा चल रही है प्रदेश का राजनीतिक मौसम बदला हुआ है जो भाजपा को 400 पार लेकर जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा / उमेद

   

सम्बंधित खबर