भाजपा का 45वां स्थापना दिवस मना

जौनपुर ,06 अप्रैल(हि. स.)।भारतीय जनता पार्टी का 45 वां स्थापना दिवस शनिवार को मनाया गया ।भाजपा कार्यकर्ता जिले में सभी बूथों पर जाकर भाजपा सरकार की उपलब्धियां जनता को गिनाएंगे। इसी क्रम में शनिवार को भाजपा कार्यालय पर जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह के अध्यक्षता मे स्थापना दिवस पर समारोह आयोजित किया गया। सर्वप्रथम पार्टी के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि जनता पार्टी के विघटन के बाद भाजपा बनी। जनसंघ का दूसरा रूप भाजपा है और इन 45 साल में भाजपा 2 से 400 की तरफ बढ़ रही है। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि एक दिन भाजपा को देश की जनता का प्रचंड बहुमत मिलेगा, लेकिन नरेंद्र मोदी नाम ने यह सब कर दिखाया । भाजपा न केवल देश में स्पष्ट बहुत वाली सरकार बनी बल्कि देश की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में निकल कर सामने आई।

पूर्व जिलाध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की स्थापना हुई देश भर में कांग्रेस के माहौल के बीच जनसंघ से निकली भारतीय जनता पार्टी का सफर आसान नहीं था । इस दीपक में तेल नहीं, सरकार बनाना कोई खेल नहीं। जनसंघ के चुनाव चिन्ह के बारे में यह नारा भी लगा जो भाजपा का 1984 तक पीछा करता रहा, जब पार्टी को महज दो सीटें मिली थीं। दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों से आगे बढ़ी पार्टी ने आज वह फतह हासिल कर ली है जोअपने आप में एक अलग इतिहास है।

जिला अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा की बात कहने वाले भारत रत्न अटल विहारी वाजपेयी आज दुनिया में भले ही नहीं है, लेकिन उनकी मेहनत से खड़ी हुई पार्टी दुनियाभर में सिरमौर बनी हुई है। भाजपा ने अपने गठन के साथ लगातार मजबूती ली 1984 में पार्टी को लोकसभा में महज दो सीटें मिली, लेकिन उसके पांच साल बाद 1989 में 85 सीटें हासिल की 1991 में फिर चुनाव हुए जिसमें 120 सीटें हासिल की, 1996 में पार्टी को और मजबूती मिली और 161 सीटें हासिल की. 1998 में 182 तो 2014 आते आते बीजेपी ने अपने बूते पर स्पष्ट बहुमत की सरकार बना ली. 2019 लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के चेहरे पर 303 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत से फिर से सत्ता में लौटी तो उधर, प्रमुख विपक्षी पार्टी को प्रतिपक्ष का दर्जा तक नहीं मिला। पार्टी अब हिंदी भाषी राज्यों के साथ साथ पूर्वी राज्यों में भी पैठ बना चुकी है। 2024 लोकसभा चुनाव के रण के बीच में बीजेपी 45 वां स्थापना दिवस मना रही है । भाजपा इस बार मिशन 400 पार लक्ष्य लेकर चल रही है।कार्यक्रम का संचालन सुशील मिश्रा ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/सियाराम

   

सम्बंधित खबर