भाजपा सरकार ने महिलाओं को महतारी वंदन की दूसरी किश्त नहीं दिया : कांग्रेस

केंद्र में सरकार बनने पर कांग्रेस देगी महिलाओं को 8333 रुपये प्रति महीना

रायपुर, 7 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने मांग किया है कि सरकार बताए महतारी वंदन योजना की दूसरी किश्त कितने महिलाओं के खाते में डाला गया। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि जिन महिलाओं को पहली किश्त मिली थी, उनमें से अधिकांश महिलाओं को अभी तक दूसरी किश्त नहीं मिली है। भाजपा सरकार पहली किश्त देने के बाद महिलाओं को दूसरी किश्त नहीं दे रही है। सरकार दूसरी किश्त देने का केवल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार जिन महिलाओं के खाते में दूसरी किश्त डाली गयी है उनका नाम सार्वजनिक करें।

भाजपा की नीयत में खोट आ गया है, जब लोकसभा चुनाव के पहले महिलाओं के खाते में पैसा नहीं आ रहा तब लोकसभा चुनाव के बाद महतारी वंदन योजना बंद हो जायेगी, इसकी गारंटी है। विष्णुदेव साय की सरकार ने साबित किया है कि झूठ और वादाखिलाफी ही मोदी की गारंटी है। डबल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ का केवल शोषण कर रही है। महतारी वंदन के नाम पर प्रदेश के एक करोड़ चार लाख महिला मतदाताओं में से अधिसंख्यक महिलाओं का इंतजार अब तक खत्म नहीं हुआ है। 18 से 21 वर्ष की विवाहित महिलाएं पूरी तरह से ठगी गई, यही नहीं जिन्हे पात्र बताया उनका पैसा भी खातों में अब तक नहीं आये। ऐसे हितग्राहियों की बड़ी संख्या है।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने सरकार बनते ही महिलाओं के खाता में एक हजार रुपये प्रति महीना ट्रांसफर करने का वादा किया था। दिसंबर माह में साय सरकार का गठन हो गया है और अभी जनवरी-फरवरी, मार्च और अप्रैल चार माह हो चुका है और मात्र एक महीने की 1000 रुपये राशि महिलाओं को दी गई है। यह महिलाओं के साथ धोखा और छल हैं। प्रदेश के 70 प्रतिशत महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। साय सरकार सीधा तीन महीने की बकाया 3000 रुपये की राशि खाता में जमा कराये।

सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा की वादाखिलाफी का महिलायें प्रतिरोध करेगी तथा केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनायेगी। केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर प्रदेश के गरीब महिलाओं को एक लाख रुपये सालाना सीधा ट्रांसफर किया जाएगा, जो 8333 रुपये प्रति महीना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ चंद्रनारायण शुक्ल

   

सम्बंधित खबर