फरीदाबाद: दुष्कर्म में फंसाने की धमकी देकर कंप्यूटर मैकेनिक को लूटा

फरीदाबाद, 1 जुलाई (हि.स.)। लिफ्ट लेकर कंप्यूटर मैकेनिक से मेल-जोल बढ़ाकर एक महिला ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। फिर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठने लगी। बताया गया कि महिला के इस कृत्य में उसके पति सहित अन्य लोग भी शामिल थे। दो साल तक जब महिला कंप्यूटर मैकेनिक से वसूली करने से नहीं मानी तो पीडि़त ने परेशान होकर पुलिस से शिकायत की है।

थाना सेक्टर-31 क्षेत्र में रहने वाले प्रवेंद्र ने सोमवार को पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह नेहरू प्लेस, दिल्ली में लैपटॉप ठीक करने का काम करता है। बताया कि सात जुलाई 2022 की शाम करीब आठ बजे वह अपनी दुकान पर काम खत्म करके घर वापस लौट रहा था। नेहरू प्लेस टर्मिनल के सामने पहुंचा तो उसे एक महिला मिली। महिला लिफ्ट मांगने के बहाने उसके साथ गाड़ी में बैठ गई। बातचीत के दौरान अपना नाम अनीता बताते हुए उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद महिला उससे नियमित रूप से बात करने लगी और मेल जोल बढ़ा लिया। फिर धीरे-धीरे किसी न किसी बहाने से उससे पैसे मांगने लगी। उसने उसे कई बार पैसे पेटीएम किए।

अनीता की पैसों की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। उसकी नीयत में खोट देख, उसने पैसे देने से इन्कार कर दिया। वहीं पैसे देने से मना करने पर वह गुस्सा हो गई और कहा कि यदि तुमने मुझे पैसे नहीं दिए तो वह उसे दुष्कर्म के मामले में फंसा देगी। महिला ने यह भी कहा कि इससे पहले भी वह कई मुकदमे दर्ज करा चुकी है। महिला ने अपने पति मक्खन व आटो चालक अफजल खान सहित अन्य व्यक्तियों का साथ लेकर धमकाना शुरू कर दिया। इससे डर कर कंप्यूटर मैकेनिक ने और भी पैसे दिए। वहीं आखिर में परेशान होकर इस मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/मनोज/संजीव

   

सम्बंधित खबर