शत प्रतिशत मतदान का संकल्प लें सभी मतदाता: कुमुद झा

खूंटी, 7 अप्रैल (हि.स.)। मतदाता जागरूकता अभियान को लेकर रविवार को प्रखंड के सभी गांवों में चुनाव पाठशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को शत प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित किया गया। बीडीओ कुमुद कुमार झा ने तोरपा, बांसटोली में चुनाव पाठशाला में शामिल होकर लोगों को मतदान के महत्त्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि मतदान लोकतंत्र में लोगों को मिला हुआ सबसे बड़ा अधिकार है। इस अधिकार का प्रयोग मतदाता अवश्य करें। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि आपके मतदान से देश की सरकार बनती है। इसलिए मतदान अवश्य करें। उन्होंने मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान करने की शपथ भी दिलाई।

97 वर्ष की मगदली तोपनो घर पर करेंगी मतदान

तोरपा बांसटोली गांव की रहनेवाली 97 वर्षीय महिला मगदली तोपनो अपने घर पर मतदान करेंगी। वह बीमार हैं तथा बेड पर पड़ी है। कही आनेजाने से असमर्थ है। चुनाव पाठशाला के दौरान बीडीओ कुमुद झा को मगदली के बारे में पता चला। बीडीओ उसके घर गये और वहां मगदली ने मतदान करने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने अनुरोध किया कि किसी तरह उसका मतदान हो जाये। बीडीओ ने उसे आश्वासन दिया कि उनका मतदान घर पर ही कराया जायेगा। बीडीओ ने मगदली की सराहना करते हुए कहा कि मतदान के प्रति उनकी जागरूकता अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणा का काम करेंगी, वो एक रोल मॉडल है।

हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल

   

सम्बंधित खबर