रायपुर : अधिवक्ता गण ने हमेशा से जनमत बनाने का काम किया है : साव

रायपुर, 7 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भाजपा विधि प्रकोष्ठ सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि, आज पूरे देश में एक ही नारा चल रहा है- फिर एक बार मोदी सरकार, अबकी बार 400 पार। अब कांग्रेस को शून्य पर आउट करना है। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नौ सीटें जीती थीं। इस बार हम पूरी 11 लोकसभा सीटे जीतें, इसके लिए विधि प्रकोष्ठ की पूरी ताकत लगनी चाहिए। बुद्धिजीवी वर्ग के बीच जाकर अधिकवक्तागण प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की चर्चा करें।

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि अधिवक्ता समुदाय आजादी की लड़ाई से जनमत निर्माण का कार्य करता आया है। आजादी के दीवानों के जो सपने थे, आज मोदी सरकार उसे पूरा कर रही है।10 साल पहले देश में नकारात्मक माहौल था। चारों तरफ निराशा थी, ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी सभी की आशा और विश्वास के केंद्र बने। हमारी चार पीढ़ियों ने जिन बातों के लिए संघर्ष किया, उसे मोदी ने पूरा किया। साव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमने एक नारा लगाया था, वह नारा बच्चे-बच्चे तक पहुंचा था- अऊ नई सहिबो, बदल के रहिबो। पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले तक लोग कहते थे कि भाजपा लड़ाई में नहीं है। सारे राजनीतिक पंडितों के अनुमान को गलत साबित करते हुए जनता-जनार्दन के आशीर्वाद से भाजपा ने इतिहास कायम किया। कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थिति में संघर्ष करके नारे को सफल बनाया।

हिन्दुस्थान समाचार/ गायत्री प्रसाद

   

सम्बंधित खबर