वोट बैंक के लिए कांग्रेस ने हमेशा धर्म का सहारा लिया: डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने राजगढ़ एवं सारंगपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित

राजगढ़, 7 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस ने हमेशा से देश में धर्म को बांटने की राजनीति की है। कांग्रेस ने धर्म के आधार पर राजनीति करके लोगों के दिलों में एक-दूसरे के खिलाफ नफरतें भरी हैं। बेशर्म हैं कांग्रेस के लोग, जो वोट मांगने भी आ जाते हैं। जो लोग हम सबके आराध्य भगवान श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा में भी नहीं जा पाए, वे लोग क्या देश और देशवासियों का भला करेंगे। अब ऐसे लोगों को सबक सिखाने का समय आ गया है।

यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजगढ़ एवं सारंगपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश-प्रदेश ने ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। हर तरफ विकास ही विकास नजर आता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने कई क्षेत्रों में इतिहास रचा है। अंग्रेजों के जमाने में बिछाई गई रेल लाईन को कांग्रेस ने 70 साल तक राज करने के बाद भी दुरूस्त नहीं किया, लेकिन पिछले 10 वर्षों में नई रेलवे लाइनें बिछाकर प्रधानमंत्री ने अपने इरादे भी जाहिर कर दिए। मध्यप्रदेश को रेलवे से कई सौगातें मिली हैं।

अब गौ माताओं की रक्षा के लिए एम्बुलेंस चलाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस गौ माता में 33 कोटी देवी-देवताओं का वास है अब उनकी रक्षा के लिए हर 50 किलोमीटर पर एम्बुलेंस शुरू कराई गईं हैं, ताकि कोई भी गौ माता को घायल होने पर तुरंत इलाज मिल सके। गौशालाओं को मिलने वाली राशि को भी दोगुना कर दिया गया है, ताकि गौमाताओं को भरपेट भोजन मिले। उन्होंने कहा कि अब दूध उत्पादक किसानों के लिए दूध पर भी बोनस देने की व्यवस्था की जा रही है। गौवंशों के लिए गौशालाओं का निर्माण भी कराया जा रहा है। उन्हें अब सड़कों पर नहीं रहने दिया जाएगा। हिन्दू नववर्ष गुड़ीपड़वां से गौमाताओं की सुरक्षा के लिए अभियान चलाया जाएगा।

गरीबों का अपमान नहीं सहन करेंगे

उन्होंने कहा कि भाजपा गरीबों, किसानों, महिलाओं की पार्टी है। यहां पर गरीबों का सम्मान किया जाता है। कांग्रेस तो 70 साल तक देश में राज करने के बाद भी गरीबी नहीं हटा सकी, लेकिन भाजपा का तो राजनीति में लक्ष्य ही गरीबों का उन्मूलन और उनका उत्थान करना है। देश से गरीबी हटाना है और हर व्यक्ति को सक्षम बनाना है। भाजपा गरीबों का सम्मान करती है, उनके लिए प्रधानमंत्री मोदी दिन-रात सेवाकार्य में जुटे हुए हैं। अब प्रदेश की भाजपा सरकार भी गरीबों के लिए एयर एम्बुलेंस जैसी सुविधाएं देने जा रही है, ताकि किसी भी गरीब को जरूरत पड़ने पर एयर एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया जा सके। गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि उनका जीवनस्तर बेहतर बन सके। गरीब के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी हमेशा तत्पर रही है और आगे भी रहेगी।

आने वाले समय में समर्थन मूल्य भी बढ़ाया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान किसानों से वादा किया था कि उनके गेहूं को सरकार 2700 रूपए प्रति क्विंटल की दर से समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। इस वर्ष सरकार ने समर्थन मूल्य 2275 रुपये के साथ में 125 रुपये बोनस देकर 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का निर्णय लिया है। यह समर्थन मूल्य हर वर्ष बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति क्विंटल तक ले जाया जाएगा। किसानों को उनकी उपज का भरपूर दाम दिया जाएगा यह वादा भाजपा की सरकार एवं प्रधानमंत्री मोदी का है। उन्होंने जो भी वादा किया है उसे हर हाल में निभाया भी है। किसानों के लिए भाजपा सरकार हमेशा से कटिबद्ध है। हमारा संकल्प है कि किसानों की आय को दोगुना किया जाएगा।

प्रधानमंत्री के हर बूथ पर जीत के लक्ष्य को पूरा करना है

मुख्यमंत्री ने राजगढ़ में विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के हर बूथ पर जीत के लक्ष्य को हासिल करना है। इसके लिए सभी कार्यकर्ता मैदान में जुट जाएं। इस बार 400 पार के संकल्प को हर हाल में पूरा करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। यहां पर कार्यकर्ता को ही प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मंत्री बनाया जाता है। इसका उदाहरण देश और प्रदेश में है। भाजपा का कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत और शक्ति है, जो उसकी जीत में मुख्य किरदार निभाता है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के 40 से अधिक नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष सारंगपुर विधानसभा सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष महेंद्र व्यास, ब्लॉक अध्यक्ष कमलेश व्यास सहित कांग्रेस के 40 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर उनका स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर