हमें हर बूथ पर करना है 370 वोट प्लस : बृजेश पाठक

लखनऊ, 07 अप्रैल(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने रविवार को अलीगढ़, लोनी और मोदीनगर में बूथ सम्मेलनों को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पाठक ने कहा कि भाजपा इस बार उत्तर प्रदेश में 80 में से 80 सीट जीतेगी। गाजियाबाद भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में जिस तरीके से भीड़ आई उसने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

उपमुख्यमंत्री श्री पाठक ने बूथ अध्यक्षों से कहा कि हमें हर बूथ पर 370 वोट प्लस करने हैं। इसके लिए हर पन्ने को बूथ समिति के पदाधिकारी और पन्ना प्रमुख पूरी तरह रट लें। हर एक व्यक्ति से इतनी बार मिल लें कि वह भाजपा को वोट देने के लिए औरों को भी प्रेरित करे। इसके लिए उसे मोदी जी की योजनाओं के बारे में ही बताना है।

श्री पाठक ने कहा कि हमें 370 वोट इस वजह से प्लस करने हैं क्योंकि कश्मीर में 370 धारा हटाई है। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर श्री पाठक ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कॉमनवेल्थ गेम हुए तो कांग्रेस खेल मंत्री जेल चले गए। आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित देश बन रहा है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उनके इंडी पार्टनर्स के प्रत्याशी मैदान छोड़ कर भाग खड़े हुए हैं। इंडी उम्मीदवारों ने हथियार डाल दिये हैं। किसी में भाजपा उम्मीदवार का सामना करने का साहस नहीं बचा है। भाजपा सभी 80 की 80 सीटें प्रदेश में जीतने जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/जितेन्द्र/राजेश

   

सम्बंधित खबर