रायसेन : बेगमगंज के पास तेज रफ्तार कार पुलिया से गिरी, बुजुर्ग दंपति की मौत

भोपाल, 9 अप्रैल (हि.स.)। रायसेन जिले में मंगलवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में कार सवार बुजुर्ग दंपति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलाें को सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रैफर किया है।

जानकारी के अनुसार घटना बेगमगंज में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे की है। पिपलानी भोपाल निवासी लखन पुत्र बाबूलाल (40 वर्ष) अपने साढ़ू मुकेश (42 साल) खजूरी कलां के साथ इनोवा गाड़ी से छतरपुर गए थे। जहां से वह अपने ससुर बिहारी लाल महोबिया का इलाज कराने के लिए रात 11 बजे भोपाल के लिए रवाना हुए। उनके साथ साढ़ू भाई का लड़का संजीव पुत्र रमेश नरवारिया (21 साल) निवासी पिपलानी भोपाल, साला विष्णु पुत्र बिहारी लाल महोबिया (21 साल) निवासी केशव सागर तालाब छतरपुर एवं सास बरली बाई (55 वर्ष) साथ थे। सुबह करीब 4 बजे बेगमगंज के चकला नाले से आगे वाहन के सामने एक जानवर अचानक आ जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पुलिया में करीब 12 फीट नीचे गिर गई। इस हादसे में घटनास्थल पर ही बिहारी लाल महोबिया की मौत हो गई, वहीं अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी पत्नी बरली बाई ने भी दम तोड़ दिया। शेष चार लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण दो एंबुलेंस की मदद से भोपाल रेफर किया गया है। सूचना पर उप निरीक्षक संदीप पवार अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई उपरांत दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भवन में रखवाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/नेहा/सुनील

   

सम्बंधित खबर