लोकसभा का यह चुनाव सरकार बनाने का नहीं,इतिहास बनाने का है : अजय जामवाल

रायगढ़ , 9 अप्रैल (हि.स.)।रायगढ़ जिला भाजपा कार्यालय में आज मंगलवार को लोकसभा प्रबंधन समिति, विधानसभा कोर कमेटी,विधानसभा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय शामिल हुए।

बैठक के प्रारंभ में भारत माता की तैलीय प्रतिमा की विधिवत पूजा अर्चना की गई। भारत माता की जय,छत्तीसगढ़ महतारी की जय,फिर इस बार मोदी सरकार,अब की बार 400 पार, मैं हूं मोदी का परिवार के गगनचुंबी नारों से कार्यकर्ताओं ने बैठक स्थल को गुंजायमान बनाया।

बैठक को संबोधित करते हुए अजय जामवाल ने कहा कि, आप सभी कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से हमने छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने में सफलता प्राप्त कर ली है इसके लिए मैं आप सभी ज्येष्ठ श्रेष्ठ कार्यकताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। महाभारत के प्रसंग का उदाहरण देते हुए श्री जामवाल ने कहा कि उस युद्ध के महान योद्धा बर्बरीक से जब पूछा गया की महाभारत की युद्ध में कौन लड़ रहे है,तब बर्बरीक ने कहा की चारों ओर मुझे चक्र ही दिख रहा है। आज देश में भी यही हालात है पूरे राष्ट्र में मोदी रूपी चक्र ही दिखाई पढ़ रहा है। हमने जिस तरह छत्तीसगढ़ के चुनाव में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की है ठीक उसी तरह हम छत्तीसगढ़ की 11 में 11 सीट जीतकर इतिहास बनाने वाले हैं। लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता संकल्प लेकर जुट जाएं। छत्तीसगढ़ की जनता को मोदी जी की गारंटी पर पूरा भरोसा है और वातावरण भाजपा के पक्ष में नजर आ रहा है। जनता को भाजपा पर विश्वास है पर हमे पूरी ताकत के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि संगठन ने लोकसभा चुनाव का पूरा कार्यक्रम तय कर लिया है।बूथ से लेकर मंडल तक कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से चुनाव में जुटना होगा। बूथ स्तर पर हमे 10 फीसदी वोट बढ़ाने पर फोकस करना होगा।बूथ विजय संकल्प अभियान के विषय में विस्तार पूर्वक कार्यकर्ता को समझाया। साथ ही कार्यकर्ताओं के करणीय कार्यक्रमों के विषय में भी प्रकाश डाला गया।

जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने बैठक की प्रस्तावना रखी और प्रदेश के नेताओं को आश्वस्त किया की पूरे जिले में चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ रघुवीर प्रधान

   

सम्बंधित खबर