ग्वालियर: हत्या का आरोपी बंदी पैरोल से भागा

ग्वालियर, 09 अप्रैल(हि.स.)। एक बार फिर एक बंदी पैरोल से भागने का मामला सामने आया है। जब समय सीमा बीत जाने के बाद बंदी वापस जेल नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई लेकिन वह कहीं नहींं मिला। जेल प्रहरी ने पुलिस को बंदी के फरार होने की सूचना दी। पुलिस ने बंदी की पड़ताल प्रारंभ कर दी है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि अशोकनगर थाना शाढोरा ग्राम बजरिया चक निवासी अजबसिंह पुत्र विजयसिंह कुशवाह 24 हत्या के मामले में केन्द्रीय जेल में सजा काट रहा था। बंदी को अच्छे आचरण के चलते पैरोल पर छोड़ा गया था। अजबसिंह को जेल में वापस 7 अप्रैल को लौटकर आना था। लेकिन जब वह शाम तक नहीं आया तो उसका इंतजार किया गया लेकिन वह वापस नहीं लौटा। बंदी अजबसिंह से सम्पर्क करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। जेल प्रबंधन जब बंदी की तलाश नहीं कर सका और उसका कहीं पर पता ठिकाना नहीं मिला तो बहोड़ापुर पुलिस को सूचना दी गई। जेल प्रहरी करनङ्क्षसह जादौन की शिकायत पर अजबसिंह के खिलाफ धारा 224 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बता दें दो दिन पहले भी लालाराम गुर्जर पैरोल से भाग गया था। बहोड़ापुर पुलिस ने बंदी के फरार होने के मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश

   

सम्बंधित खबर