हाथरस की दुखद घटना की सरकार और प्रशासन जिम्मेदार, नहीं किए थे इंतजाम : अखिलेश यादव

लखनऊ, 04 जुलाई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता की। उन्होंने हाथरस हादसे को लेकर किए सवाल का जवाब देते हुए भाजपा की प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि आप उस बहस को और मत छेड़िए, दुख है की बड़े पैमाने पर लोगों की जान गई है। ये कार्यक्रम पहली बार नहीं हुआ है, ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर होते रहे हैं। दुखद घटना की सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है, उन्होंने इंतजाम नहीं किए थे।

अखिलेश ने कहा कि कई बार भीड़ ज्यादा हो जाती है, प्रशासन को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए थी। जिन लोगों की जान गई हैं उनकी मदद सरकार करें और घायलों का इलाज कराएं। किसी पर आरोप लगाने से काम नहीं चलेगा।

सपा अध्यक्ष ने साकार हरि बाबा के कार्यक्रम में उनके जाने और उनके नजदीकियां होने के सवाल पर कहा कि बीजेपी के लोग कुछ फ़ोटो सोशल मीडिया पर चला रहे हैं अगली बार ये और बड़ी हार हारेंगे।

सपा अध्यक्ष ने हाथरस कांड में स्वास्थ सेवाओं पर कहा कि ऐसे कार्यक्रम में क्राउड मैनेजमेंट और इमरजेंसी के इंतजाम करने पड़ते हैं, लेकिन उप्र में स्वास्थ सेवाएं बिल्कुल खत्म और खराब हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/राजेश

   

सम्बंधित खबर