मप्र में धूमधाम से मनाया गया ईद का पर्व, मस्जिदों में हुई सामूहिक नमाज, मांगी अमन की दुआ

मप्र में धूमधाम से मनाया गया ईद का पर्व, मस्‍जिदों में हुई सामूहिक नमाज, मांगी अमन की दुआ

भोपाल, 11 अप्रैल (हि.स.)। देशभर में गुरुवार को ईद-उल-फितर पर्व मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में ईद का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के सभी शहरों में सुबह मस्जिदों में ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज अता की गई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अमन, चैन और देश में खुशहाली की दुआएं मांगी। एक-दूसरे से गले मिलकर प्यार बांट कर ईद की मुबारक दी।

राजधानी भोपाल में सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच सबसे पहले सुबह 7.00 बजे ईदगाह मस्जिद में ईद के मौके पर विशेष नमाज अता की गई। इस दौरान ईद मिलन कार्यक्रम भी हुआ। यहां पर बड़ी संख्या में सुबह से मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे और नमाज अता करने के साथ एक-दूसरे को गले लगाकर ईद पर्व की मुबारकबाद दी। शहर काजी सैय्यद मुश्ताक अली नदवी ने बुधवार शाम को चांद दिखने के बाद अगले दिन यानी आज ईद मनाने का ऐलान किया था।

वहीं, ईदगाह के बाद जामा मस्जिद में सुबह 7.15 बजे, ताजुल मसाजिद में सुबह 7.30 बजे और मोती मस्जिद में सुबह 7.45 बजे ईद की नमाज अता की गई। इसके बाद शहर की अन्य मस्जिदों में नमाज अदा करने का सिलसिला चलता रहा। नमाज अता करने के बाद लोग एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। घरों पर आने वाले मेहमानों को मुस्लिम समाज के लोग सिवइयों से मुंह मीठा करा रहे है। घर आए मेहमानों को और बच्चों को ईदी बांटी जा रही है।

ईद-उल-फितर के मौके पर गुरुवार सुबह ईदगाह पर पारंपरिक सामूहिक नमाज की गई। हजारों लोगों के ईदगाह पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात के विशेष इंतजाम किए हैं। इसके तहत सुबह छह बजे से 11 बजे तक कई मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।

बुरहानपुर में 20 हजार लोगों ने एक ही जगह अता की नमाज

इधर बुरहानपुर में शहर की सिंधी बस्ती स्थित शाह जहांनी ईदगाह में ईद की विशेष नमाज अदा की गई। इसमें 20 हजार से ज्यादा समाजजन शामिल हुए। बस्ती स्थित शाहजांनी ईदगाह परिसर के अलावा दूर-दूर तक सड़क पर ही नमाज अदा की गई। लालबाग रोड की ओर जाने वाला रास्ता मरिचिका उद्यान के पास से बंद कर दिया गया था। इस दौरान देश और प्रदेश में अमन-चैन की दुआ की गई।

उज्जैन में गुरुवार को ईद का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। ईद-उल-फितर, मीठी ईद सुबह से मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में होने वाली नमाज के लिए निकले। नमाज अदा होने के बाद मुस्लिम जन ने दूसरे को ईद पर्व की मुबारकबाद दी।

नर्मदापुरम में सुबह 7.30 बजे शहर के ईदगाह में ईद-उल-फितर की मुख्य नमाज अता की गई। मुस्लिम धर्मावलंबियों ने अमन, चैन और देश में खुशहाली की दुआएं मांगी। एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारक दी। लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते इस बार कोई जनप्रतिनिधि या जिला अधिकारी नहीं पहुंचे, लेकिन इस बार नमाज के साथ शहर काजी हाफिज मोहम्मद अशफाक अली ने सभी से चुनाव में वोटिंग करने जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान करना हम सभी का अधिकार है। वोट कर अपने अधिकार का उपयोग करें, एक अच्छे प्रतिनिधि को चुने, ताकि लोकतंत्र मजबूत रहे।

छिंदवाड़ा में ईद का पर्व आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। बारिश के चलते मुस्लिम भाइयों के द्वारा ईदगाह की जगह मस्जिदों में नमाज अदा की गई और लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे जिले में आपसी स्वाद और भाईचारे के बीच ईद का पर्व मनाया गया।

सागर में मस्जिद, ईदगाहों पर एक साथ ईद की नमाज अदा की गई। नमाजी और रोजेदारों ने गले मिलकर ईद उल फितर की एक-दूसरे को बधाइयां दीं। बुधवार को रमजान का आखिरी रोजा रखा गया। शाम को आसमान में चांद दिखने साथ ही लोगों में खुशी देखने को मिली। गुरुवार को ईद उल फितर मनाया गया। ईद की मुख्य नमाज मोतीनगर स्थित ईदगाह पर हुई।

गुना शहर में भी उत्साह के साथ ईद-उल-फितर मनाई गई। ईद की पहली व मुख्य नमाज ईदगाह पर सुबह 7.30 बजे हुई। बड़ी ईदगाह पर सुबह 9:30 बजे ईद की नमाज हुई। देश और प्रदेश की खुशहाली व अमनो-अमान के लिए सामूहिक रूप से दुआ मांगी गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिल ईद की मुबारकबाद दी। घर के बड़े लोग बच्चों के ईद मुबारक कहते ही उन्हें ईदी दे रहे हैं। जिले में नमाज के लिए सभी जगह विशेष प्रबंध किए गए हैं।

खंडवा में गुरुवार को मुस्लिम समाज ने ईदुल फितर हर्षोल्लास के साथ मनाया। शहर की 40 मस्जिदों में ईद की नमाज पढ़ी गई। मुख्य नमाज ईदगाह पर हुई, जहां मौलाना फखरूद्दीन ने तकरीर सुनाई। यहां एक साथ हजारों लोगों ने शीश झुकाकर सजदा करते हुए अमनो अमान की दुआं मांगी। ईदगाह पर प्रशासन की ओर से शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प दिलाया गया।

औद्योगिक नगरी पीथमपुर में गुरुवार को ईदुल-फितर पर्व हर्ष उल्लास से मनाया जा रहा है। शहर के जामिया इस्लामिया मदरसा, पीथमपुर की जुम्मा मस्जिद, सागौर की मजीद, धन्नड़ मस्जिद और जुबेदा मस्जिद में मुस्लिम समाजजनों ने ईद की विशेष नमाज हुई। इस दौरान सभी ने देश और दुनिया में अमन चैन की दुआएं कीं। अन्य शहरों और कस्बों में भी ईद के मौके पर एक-दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर