लोकसभा चुनाव : चुनाव से पहले सुरेन्द्रनगर के कद्दावर नेता सोमा पटेल ने छोड़ी कांग्रेस

-पूर्व सांसद और कोली पटेल समाज के अग्रणी नेता हैं सोमा पटेल

सुरेन्द्रनगर, 11 अप्रैल (हि.स.)। सुरेन्द्रनगर के पूर्व सांसद और कोली समाज के अग्रणी कांग्रेस नेता सोमा पटेल ने गुरुवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। चुनाव के पूर्व कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पूर्व अहमदाबाद पूर्व के कांग्रेस उम्मीदवार रोहन गुप्ता ने चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद गुरुवार को दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल को लिखे पत्र में सोमा पटेल ने पार्टी छोड़ने के लिए निजी कारण बताया है। हालांकि सोमा पटेल कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज बताए जा रहे थे। सुरेन्द्रनगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने चंदुभाई शिहोरा को उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने ऋत्विक मकवाणा को टिकट दिया है।

सुरेन्द्रनगर लोकसभा सीट पहले कांग्रेस का गढ़ माना जाता था। इस सीट पर अभी तक हुए 15 चुनाव में कांग्रेस ने 7 बार जीत हासिल की है। पिछले दो टर्म से इस सीट से भाजपा चुनाव जीत रही है। वर्ष 2019 की लोकसभा चुनाव में भाजपा के महेन्द्र मुंजपरा ने कांग्रेस उम्मीदवार सोमा पटेल को हराया था। इसके बाद वर्ष 2020 में सोमा पटेल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हो गए थे। बाद में वे घर वापसी करते हुए कांग्रेस में लौट गए थे। अब एक बार फिर सोमा पटेल ने कांग्रेस से इस्तीफा दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर