भाजपा ने प्रियंका वाड्रा से पूछे सवाल- सनातन व मातृ शक्ति के अपमान पर मौन क्यों!

-प्रधानमंत्री रैली को ऐतिहासिक व अभूतपूर्व बनाने के लिए जनता का आभार: नरेश बंसल

देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश चुनाव प्रबंध समिति संयोजक नरेश बंसल ने प्रियंका वाड्रा के दौरे पर सवाल उठाते करते हुए कहा कि मोहब्बत की दुकान का दावा करने वालों को सनातन संस्कृति और मातृ शक्ति से नफरत क्यों है। कांग्रेस राज्य में एक भी महिला को उम्मीदवारी के योग्य नहीं माना, क्यों महिला अपमान पर अपनी पार्टी में वो क्यों नहीं लड़ते हैं।

रिस्पना पुल स्थित प्रदेश मीडिया सेंटर में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की रैली को ऐतिहासिक और अभूतपूर्व बनाने के लिए देवतुल्य जनता का आभार व्यक्त किया है। नरेश बंसल ने दावा किया कि मोदी की दोनों सभाओं ने पांचों उम्मीदवारों के पांच लाख से अधिक मतों से जीत की गारंटी है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिक, सर्व समाज समेत देवभूमि के सभी वर्गों ने लाखों की संख्या में पहुंचकर अपना आशीर्वाद मोदी को दिया उसके लिए सभी का पार्टी बहुत बहुत आभार व्यक्त करती है। उन्होंने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कि प्रधानमंत्री के शंखनाद के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी उत्तराखंड पहुंचे हैं। गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के बड़े नेता देवभूमि पहुंच रहे हैं। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के सामने लक्ष्य स्पष्ट है, जी तोड़ मेहनत से प्रदेश के सभी पोलिंग स्टेशनों पर कमल खिलाना और मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

उन्होंने कांग्रेस पर लगातार भ्रम, झूठ और अफवाह फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज जिस तरह अनर्गल, बेबुनियाद आरोपों पर कांग्रेस उतर आई है वो स्पष्ट करता है कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी हार स्वीकार ली है। बंसल ने प्रियंका वाड्रा के दौरे तंज कसते हुए कांग्रेस के बड़े नेता अंतिम दौर में उत्तराखंड में जनता के सामने आने का साहस किया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका वाड्रा को चंद सवालों का जवाब अपने कार्यक्रमों में देना ही चाहिए। पहला, मोहब्बत की दुकान चलाने का दावा करने वालों को सनातन संस्कृति से इतनी नफरत क्यों है?। वे मां धारी देवी, मां चंद्रबनी, मां जालपा देवी, मां सरकुंडा देवी, मां मनसा देवी, मां चंडी देवी जैसी आदि शक्तियों से क्यों नफरत करती हैं।

इस दौरान उन्होंने रिपोर्ट कार्ड को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि हम एकमात्र पार्टी हैं जो प्रत्येक वर्ष अपनी सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा प्रस्तुत करती है और यह परंपरा विगत 10 वर्षों से निरंतर जारी है। इतना ही नहीं हमारे रिपोर्ट कार्ड के आधार पर जनता भी लगातार चुनाव के माध्यम से रिजल्ट जारी करती रहती है जिसमें हम प्रत्येक बार पूर्ण डिक्टेशन के साथ उत्तीर्ण होते हैं।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी,सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी,प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी,कमलेश रमन,संपर्क प्रमुख राजीव तलवार प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/सुनील

   

सम्बंधित खबर