भाजपा में छह साल बाद वापसी पर मानवेंद्र सिंह बोले, मैं अपने मूल निवास पर लौट आया

बाड़मेर, 12 अप्रैल (हि.स.)। आदर्श स्टेडियम में पीएम नरेंद्र मोदी की आम सभा से पहले मानवेंद्र सिंह ने छह साल बाद भारतीय जनता पार्टी में वापसी की। मानवेंद्र सिंह अपने समर्थकों के साथ नागाणा मंदिर ट्रस्ट के भवन में रुके हुए थे। शुक्रवार सुबह दस बजे मानवेंद्र सिंह वहां से मन्दिर में दर्शन कर रवाना हुए और दोपहर 12 बजे बाड़मेर आदर्श स्टेडियम पहुंचे।

यहां पीएम मोदी और सीएम के आने से पहले मंच पर भाजपा प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने दुपट्टा पहनाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, प्रभारी शंकर सिंह राजपुरोहित, पोकरण विधायक मंहत प्रतापपुरी सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे।

मानवेंद्र सिंह ने कहा- यह मेरी घर वापसी नहीं है, मैं अपने मूल निवास पर लौट आया हूं। मानवेंद्र सिंह अपने साथ महंत निर्मलदास, पूर्व विधायक तरुणाराय कागा, बलराम प्रजापत, रामसिंह बोथिया समेत कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। शाम 5.15 बजे मानवेंद्र से फेसबुक पोस्ट शेयर की।

पीएम मोदी ने मानवेंद्र सिंह से पूछा हाल

मंच पर मानवेंद्र सिंह और भाजपा प्रत्याशी कैलाश चौधरी समेत सभी भाजपा नेताओं ने कतार में खड़े होकर प्रधानमंत्री से हाथ मिलाया। हाथ उठाकर एकजुटता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मंच पर मानवेंद्र से मिले और उनसे उनकी तबीयत के बारे में पूछा। जसोल ने हाथ में दर्द होने की बात कही। गौरतलब है कि 30 जनवरी 2024 को अलवर जिले में मानवेंद्र की कार का एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उनकी पत्नी चित्रा सिंह का निधन हो गया था।

छह महीने पहले दिया था कांग्रेस छोड़ने का संकेत

मानवेंद्र सिंह छह महीने पहले ही कांग्रेस छोड़ने के संकेत दे चुके थे। उन्होंने अपने सोशल मीडिया आईडी से कांग्रेस का सिंबल हटाकर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व पिता जसवंत सिंह की फोटो लगाई थी। वे कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। मानवेंद्र ने कांग्रेस में शामिल होकर 2 विधानसभा चुनाव और 1 लोकसभा चुनाव लड़ा था, उन्हें तीनों चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।

मानवेंद्र ने 2018 में छोड़ी थी भाजपा

2018 में मानवेंद्र सिंह भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस ने उन्हें तत्कालीन सीएम वसुंधरा राजे के सामने चुनावी मैदान में उतारा था। मानवेंद्र सिंह चुनाव हार गए थे। इसके बाद कांग्रेस ने 2019 में लोकसभा चुनाव में बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट से भाजपा के कैलाश चौधरी के सामने मैदान में उतारा, लेकिन लोकसभा चुनाव में भी मानवेंद्र को बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा। लगातार विधानसभा और लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने मानवेंद्र को सैनिक कल्याण बोर्ड का अध्यक्ष बना दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/संदीप

   

सम्बंधित खबर