हॉट सीट बनी चूरु लोकसभा में 22 लाख मतदाता चुनेंगे सांसद

चूरु, 18 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान की 12 लोकसभा सीटों पर शुक्रवार को प्रथम चरण में मतदान होगा। इनमें चूरू लोकसभा सीट इस बार हॉट शीट बनी हुई है। चूरू लोकसभा सीट पर 22 लाख 22 हजार 213 मतदाता अपना सांसद चुनेंगे। मतदान को लेकर शुक्रवार दोपहर केन्द्रीय विद्यालय में मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद मतदान दलों को उनके मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया।

चूरू लोकसभा में मतदान के लिए 2129 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीएम उतम सिंह शेखावत ने बताया कि शुक्रवार को प्रथम चरण में चूरू लोकसभा का मतदान होगा। इसके लिए 2129 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। चूरू लोकसभा क्षेत्र में 392 संवेदनशील केन्द्र हैं। इसमें नोहर और भादरा के 78 केन्द्र भी शामिल हैं।

जिले में 314 केन्दों को क्रिटिकल केंद्र माना गया है। इन केन्द्रों पर तयशुदा पुलिसकर्मी के अलावा अतिरिक्त हथियारबंद जवान भी तैनात किए जाएंगे। एडीएम शेखावत ने बताया कि मतदान को लेकर पूरी तरह तैयारियां कर ली गई। प्रत्येक केन्द्र पर मतदान दलों के अलावा रिजर्व टीम भी तैयार रहेगी। उन्होंने बताया कि सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र माकूल पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा।

यहां पैरा ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले देवेंद्र झाझड़िया भाजपा के प्रत्याशी है और कांग्रेस ने राहुल कस्वां को टिकट दी है। दोनों में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। मतदाताओं में खासा उत्साह है और वे लोकतंत्र में वोटों की ताकत दिखाने को और ज़्यादा जागरुक और तैयार हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/नटवर/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर