लोकसभा चुनाव : दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को, आज शाम थम जाएगा चुनाव प्रचार का शोर

रायपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। एक दिन बाद यानी 26 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान संपन्न होगा। छत्तीसगढ़ की तीन सीटों राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद में वोट डाले जायेंगे। इन लोकसभा क्षेत्रों के लिए आज से चुनाव प्रचार का दौर शाम छह बजे तक थम जाएगा। इन तीनों लोकसभा क्षेत्रों के 11 संंवेदनशील मतदान केंद्रों के लिए 88 मतदान कर्मियों को हेलीकॉप्टर से आज बुधवार को भेजा जाएगा।

उल्लेखनीय है कि देशभर में सात जबकि छत्तीसगढ़ में तीन चरणों में चुनाव संपन्न होने हैं। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल को संपन्न हुआ था। तब छग के बस्तर में मतदान हुआ था। इसी तरह 26 अप्रैल को होने वाले देश के तीसरे और प्रदेश के दूसरे चरण में राजनांदगांव, कांकेर और महासमुंद जबकि तीसरे और अंतिम फेज में शेष सात सीटों पर वोटिंग होगी। तीसरे चरण में कुल 168 प्रत्याशी मैदान पर होंगे, जिसमें 142 पुरुष व 26 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।

कांकेर लोकसभा क्षेत्र के 9 संंवेदनशील मतदान केंद्रों में 76 मतदान कर्मी हेलीकॉप्टर से भेजे जाएंगे, वहीं महासमुंद लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत गरियाबंद जिले के 2 मतदान केंद्र के लिए 12 मतदान कर्मी आज हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे।दूसरे चरण के चुनाव में कुल 41 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें राजनांदगांव से कुल 15 प्रत्याशियों में से 13 पुरुष, दो महिला, महासमुंद से 17 प्रत्याशियों में से 16 पुरुष और एक महिला व कांकेर से नौ प्रत्याशियों में नौ पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं। कुल 52 लाख से अधिक मतदाता चुनाव में मतदान के लिए पात्र हैं। दूसरे चरण के लिए कुल 6,567 मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं।

उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय अग्रवाल ने बताया कि तीसरे और अंतिम चरण के तहत 7 मई को छत्तीसगढ़ के 7 लोकसभा क्षेत्र में मतदान होगा। जिसमें सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर चांपा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर शामिल है। इन 7 लोकसभा क्षेत्र में कुल 168 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में है। जिसमें 142 पुरुष और 26 महिला शामिल है।तीसरे चरण में 7 लोकसभा क्षेत्र के 58 विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक नामावली दिनांक 19 अप्रैल 2024 को अंतिम रूप से फ्रिज की जा चुकी है।

छत्तीसगढ़ की 7 लोकसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 1 करोड़ 39 लाख 1 हजार 285 है. जिसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 69 लाख 33 हजार 121 और महिला मतदाताओं की संख्या 69 लाख 67 हजार 544 है। साथ ही थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 620 है। इसमें 18 से 19 आयु वर्ग के कुल मतदाताओं की संख्या 3 लाख 98 हजार 416 है। दूसरे और तीसरे चरण के मतदान में 1 अप्रैल 2024 को 18 साल पूर्ण करने वाले मतदाताओं की संख्या 11 हजार 727 है।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर