छतरपुर:मतदान सामग्री लेकर गुरुवार को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

छतरपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा आम निर्वाचन 2024 अंतर्गत छतरपुर जिले में दूसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है। जिले में निर्वाचन संबंधी सम्पूर्ण तैयारियां पूर्ण कर ली गईं है। बुधवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी.आर. ने एसपी अगम जैन के साथ शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 01 छतरपुर में बनाए गए मतदान सामग्री वितरण केन्द्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुरक्षात्मक व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों को सामग्री प्राप्त करने और जमा करने में कोई समस्या न हो। साथ ही पेयजल, छाया, मेडिकल किट इत्यादि व्यवस्था रहे। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक कलेक्टर काजोल सिंह सहित सभी एआरओ उपस्थित रहे।

जिले में कुल 1430356 मतदाता हैं, जिनमें महिला 760145 एवं 670191 और 20 ट्रांस्जेंडर मतदाता है। जिले में 1589 मतदान केन्द्र (इस बार छतरपुर विधानसभा में दो एवं राजनगर में एक मतदान केन्द्र को बढ़ाया गया है) बनाए गए हैं। जिनके लिए 1589 पोलिंग पार्टी नियुक्ति की गई हैं जिसमें 159 पोलिंग पार्टी को रिजर्व रखा गया है। जिनमें संपूर्ण मतदान केन्द्रों के लिए कुल रिजर्व सहित 2082 महिला एवं 4910 पुरूषकर्मियों (कुल संख्या 6992 है) को लगाया गया है।

इस बार 165 पूर्ण महिला मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। 6 सुगम, 1 यूथ मतदान केन्द्र बनाए गए हैं और अन्य केन्द्र में दो महिला एवं पुरूष पोलिंग पार्टी में रहेगें। जिले के जनपद क्षेत्रों में 13 आदर्श उत्कृष्ट मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जिले में कुल 149 सेक्टर है। प्रत्येक सेक्टर स्तर पर एम्बुलेंस मेडिकल टीम इत्यादि की व्यवस्था रहेगी। चुनाव सम्पन्न कराने प्रत्येक बूथ पर पुलिस बल के अलावा अन्य कर्मचारियों को विशेष पुलिस अधिकारी (सैनिक, आबकारी उप निरीक्षक, सिपाही, कोटवार, चौकीदार, हेल्पर, ऊर्जा विभाग के कर्मी, खल्लासी सहित महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला शामिल रह सकता है) के रूप नियुक्त किया गया है। 60 प्रतिशत मतदान केन्द्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा रहेगी। इसी में 15 प्रतिशत में अंदर और बाहर कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। जिले में 356 क्रिटिकल एवं 48 वल्नरेबल मतदान केन्द्र है।

लोकसभा निर्वाचन अधिकारी अंतर्गत सामग्री वितरण प्लान

जिले की सभी छः विधानसभा के मतदान केन्द्रों के लिए 25 अप्रैल को मतदान दल बसों के माध्यम से रवाना होगा। जिसके लिए पार्किंग स्थल चिन्हित किए गए है। बिजावर और बड़ामलहरा विधानसभा में जाने वाली बसें मेला ग्राउण्ड, राजनगर की बसें पुलिस लाइन ग्राउण्ड, छतरपुर और चंदला की बसें हॉकी ग्राउण्ड और महाराजपुर विधानसभा के मतदान केन्द्रों पर जाने वाली पोलिंग पार्टिंयों की बसें उत्कृष्ट मा.वि. क्रमांक 02 में खड़ी रहेंगी। वापसी में सभी बसें सामाग्री वितरण केन्द्र के बाहर क्रमानुसार रुकेंगी। सामग्री वितरण के लिए विधानसभा स्तर पर 16-16 काउण्टर बनाएं गए है। महाराजपुर विधानसभा की सामग्री वितरण शा. उत्कृष्ट वि क्र. 02 से एवं अन्य सभी का शा. उत्कृष्ट वि क्र 01 से होगा। प्र्रत्येक काउण्टर से 20 मतदान केन्द्रों की सामग्री का वितरण किया जाएगा। साथ ही सुविधा की दृष्टिगत विधानसभा स्तर पर कलर कोड निर्धारित किए गए हैं। महाराजपुर के लिए हरा रंग, चंदला के लिए पीला, राजनगर के लिए नीला, छतरपुर के लिए गुलाबी, बिजावर के लिए आसमानी एवं मलहरा के लिए लाल रंग को निर्धारित किया गया है। जिसमें विधानसभाओं में जाने वाले मतदान दलों से संबंधित बैनर इत्यादि चीजें एक कलर की होंगी।

पोलिंग पार्टियों को मय ईवीएम मशीनों के साथ जिन बसों से रवाना होगीं सभी बसें जीपीएस सिस्टम से लैस रहंेगी। जिसकी मॉनिटरिंग कलेक्ट्रेट से की जाएगी। सेक्टर अधिकारियों के लिए अलग से काउण्टर लगेगा और इनके वाहनों (जीपीएस लैस) की पार्किंग महाराजा छत्रसाल बुंदेलखण्ड विश्वविद्यालय के परिसर में रहेगी। गर्मी के दिनों को देखते हुए सामग्री वितरण केन्द्र पर मेडिकल टीम, कूलर एवं पेयजल इत्यादि की व्यवस्था की जाएगी।

सामग्री वितरण का समय निर्धारित

जिले की विधानसभाओं के लिए मतदान सामग्री वितरण का समय निर्धारित किया गया है। विधानसभा क्षेत्र चंदला, बिजावर एवं मलहरा के लिए सुबह 8 बजे सामग्री का वितरण होगा और छतरपुर, राजनगर एवं महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए सामग्री वितरण सुबह 10 बजे से की जाएगी। मतदान दलों के लिए पार्किंग स्थल पर खड़ी बसों के पास पहुंचने के लिए (जो ज्यादा दूरी पर है) भी जीपीएस लगे हुईं बसों की व्यवस्था रहेगी।

सामग्री वितरण एवं वापसी के समय केन्टीन की रहेगी सुविधा

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जी.आर. के निर्देशन में 25 एवं 26 अप्रैल को लोकसभा निर्वाचन 2024 में सामग्री वितरण एवं वापसी के समय अधिकारी एवं कर्मचारियों की सुविधा के दृष्टिगत चाय, नाश्ता, पानी, भोजन इत्यादि की व्यवस्था के लिए केन्टीन लगाई जाएगी। उक्त स्थल पर धूम्रपान, गुटखा इत्यादि सामग्री का विक्रय न करने के आदेश जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/सौरभ भटनागर

   

सम्बंधित खबर