भीमनगर बीएसएपी-12 में 1074 महिला सिपाहियों का होगा दीक्षांत परेड, 38 सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा

सुपौल, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के भीमनगर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी)-12 परिसर में शनिवार को 1,074 महिला सिपाहियों का दीक्षांत परेड समारोह आयोजित होगा। 38 सप्ताह के कठोर एवं व्यापक प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद ये प्रशिक्षु महिला सिपाही अब बिहार पुलिस का अभिन्न हिस्सा बन जाएंगी।

समारोह को लेकर परिसर में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि होंगे। वे परेड की सलामी लेंगे और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रशिक्षु महिला सिपाहियों को सम्मानित भी करेंगे।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।प्रशिक्षण के दौरान महिला सिपाहियों को शारीरिक दक्षता, ड्रिल, हथियार संचालन, कानून-व्यवस्था प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा प्रबंधन, मानवाधिकार, आंतरिक सुरक्षा तथा पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं का गहन प्रशिक्षण दिया गया।

कठिन अभ्यास और नियमित मूल्यांकन के बाद सभी प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है।दीक्षांत परेड को लेकर बीएसएपी-12 परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। परेड ग्राउंड को अंतिम रूप दे दिया गया है और सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर ली गई हैं। अधिकारियों के अनुसार, दीक्षांत परेड पूरी गरिमा, अनुशासन और उत्साह के साथ संपन्न होगी।

परेड के दौरान महिला सिपाही अपने प्रशिक्षण में अर्जित कौशल, अनुशासन और सामूहिक तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। यह समारोह केवल प्रशिक्षण की औपचारिक समाप्ति नहीं, बल्कि बिहार पुलिस में महिला शक्ति की बढ़ती भागीदारी और सशक्त उपस्थिति का प्रतीक भी माना जा रहा है।

प्रशिक्षण पूरा कर चुकी ये महिला सिपाही अब राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, महिला सुरक्षा को मजबूत करने और विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

   

सम्बंधित खबर