डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों का सम्मान, एआई आधारित स्वास्थ्य अनुसंधान पर जोर : कुलपति

कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में भारत रत्न डॉ. बी.सी. रॉय के जन्मदिन के अवसर पर डॉक्टर्स डे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सकों को सम्मानित किया गया तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित अनुसंधान और मानव मूल्यों के समन्वय पर जोर दिया गया। यह बातें बुधवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

कुलपति ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित तकनीकें भविष्य में निर्णय क्षमता को मजबूत करेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाएंगी। उन्होंने सुझाव दिया कि एआई, चिकित्सा अनुसंधान और मानव मूल्यों को जोड़ते हुए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जानी चाहिए, जिससे भविष्यवाणी आधारित स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर डेटा प्रबंधन को बढ़ावा मिल सके।

उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र, तकनीकी विशेषज्ञों और शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया तथा एआई आधारित नवाचारों को समाजोपयोगी बनाने पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने छात्रों को गांवों में स्वास्थ्य शिविरों और क्लीनिकल पोस्टिंग के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव देने की बात कही।

प्रति-कुलपति ने भी चिकित्सा अनुसंधान में सहयोगात्मक प्रयासों को बढ़ावा देने पर बल दिया। वहीं डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि मरीजों का उपचार केवल एक विधा से नहीं, बल्कि समग्र दृष्टिकोण से होना चाहिए और भारतीय पारंपरिक चिकित्सा मूल्यों को भी अपनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम का संचालन स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी एवं एसोसिएट डीन (एडमिन) डॉ. दिग्विजय शर्मा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों एवं अन्य फैकल्टी सदस्यों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सकों को कुलपति द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. उमेश पॉलीवाल, डॉ. वंदना पाठक, डॉ. शरद बाजपेई, डॉ. लुबना खान, डॉ. सुबोध प्रकाश, डॉ. धनंजय चौधरी, डॉ. जी.पी. अवस्थी, डॉ. बृजेन्द्र शुक्ला, डॉ. सीमा द्विवेदी, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. सौरभ अग्रवाल, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. रिचा गिरी, डॉ. किरन पाण्डेय, डॉ. प्रतिभा, डॉ. चमन बनमानी, डॉ. चन्द्रशेखर, डॉ. डॉली रस्तोगी, डॉ. निरंकार गोयल, डॉ. नंदिनी रस्तोगी, डॉ. संजय रस्तोगी और डॉ. रेनू सिंह गहलोत सहित अनेक चिकित्सक उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर