गुरुग्राम पुलिस ने सात साल में तलाश किए 5.44 करोड़ के 2594 गुम हुए मोबाइल
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
-सीईआईआर पोर्टल की मदद से ढूंढे गए ये मोबाइल
-पिछले दो महीने में गुम हुए 56 लाख के 298 मोबाइल तलाशकर दिए
-एसीपी विष्णु ने असल मालिकों को लौटाए फोन
गुरुग्राम, 03 जुलाई (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने तकनीकी की सहायता से पिछले सात साल में करोड़ों रुपये के गुम हुए हजारों मोबाइल तलाशकर असल मालिकों को सौंपे हैं। सीआईआर पोर्टल की मदद से पुलिस निरंतर गुम हुए मोबाइल को ट्रैश करती रहती है। पिछले दो महीने में पुलिस ने गुम हुए 298 मोबाइल ढूंढकर शुक्रवार को असल मालिकों को सौंपे। इनकी कीमत 56 लाख 62 हजार रुपये है।
पिछले सात साल यानी वर्ष 2019 से अब तक 5.44 करोड़ के 2594 मोबाइल पुलिस बरामद कर चुकी है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व संदीप के मार्गदर्शन में पूर्व जोन की साइबर सेल टीम ने 13 सितंबर 2019 से 30 जून 2026 तक कुल 2594 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत पांच करोड़ 44 लाख 74 हजार रुपये है। एसीपी डीएलएफ विष्णु ने शुक्रवार को बताया कि स्मार्टफोन आज लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा है। इसमें जरूरी दस्तावेज और निजी डेटा होता है। फोन गुम होने पर आर्थिक के साथ मानसिक परेशानी भी होती है। साइबर सेल पूर्व गुरुग्राम की पुलिस टीम ने लोगों के गुम हुए 298 मोबाइल फोन ढूंढकर बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 56 लाख 62 हजार रुपये है। बीते दो महीने में एक मई 2026 से 30 जून 2026 तक सीईआईआर पोर्टल की मदद से यह कार्रवाई की गई। पुलिस की ओर से सीईआईआर पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से गुम मोबाइल ट्रेस करने का अभियान लगातार चल रहा है। इसके सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं।

