लॉरी के पीछे स्कॉर्पियो की टक्कर, हादसे के बाद कार में लगी आग

पश्चिम बर्दवान, 16 जून (हि. स.)। कांकसा में नियंत्रण खोने के बाद एक स्कॉर्पियो कार ने एक लॉरी के पीछे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद स्कॉर्पियो में आग लग गई ।मंगलवार दोपहर इस घटना से कांकसा के त्रिलोकचंद्रपुर बस स्टैंड के पास पानागढ़–मोडग्राम राज्य सड़क पर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, एक लॉरी और स्कॉर्पियो वाहन पानागढ़ की ओर से बीरभूम की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान अचानक स्कॉर्पियो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी लॉरी के पीछे जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन में आग लग गई।

बताया गया कि स्कॉर्पियो में केवल चालक मौजूद था। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सूचना पाकर कांकसा थाना पुलिस, कांकसा ट्रैफिक गार्ड की टीम और दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची।

दमकल कर्मियों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक स्कॉर्पियो का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए पानागढ़–मोड़ग्राम राज्य सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया गया और कांकसा थाना पुलिस व ट्रैफिक गार्ड की पहल पर सड़क पर यातायात सामान्य किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर