नीट-पीजी 2026 परीक्षा 30 अगस्त को होगी, आवेदन प्रक्रिया शुरू

नई दिल्ली, 01 जुलाई (हि.स.)। आयुर्विज्ञान में राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने नीट-पीजी 2026 परीक्षा की अधिसूचना जारी कर दी है। देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड में यह परीक्षा 30 अगस्त को आयोजित की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक जुलाई शाम 5 बजे से शुरू होकर 21 जुलाई रात 11:55 बजे तक चलेगी।

एनबीईएमएस के अनुसार परीक्षा से संबंधित पात्रता मानदंड, शुल्क संरचना, परीक्षा योजना और अन्य विस्तृत जानकारी सूचना बुलेटिन में उपलब्ध है। सूचना बुलेटिन 1 जुलाई को शाम 4 बजे से वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा शहर की सूचना 11 अगस्त को दी जाएगी। वहीं, परीक्षा परिणाम 30 सितंबर तक घोषित किए जाने की संभावना है।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पहले सूचना बुलेटिन को ध्यानपूर्वक पढ़ें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। आवेदन की अंतिम तिथि बीतने के बाद किसी भी माध्यम से आवेदन स्वीकार करने का अनुरोध नहीं माना जाएगा।

एनबीईएमएस ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस बार परीक्षा शहर या परीक्षा केंद्र का आवंटन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर नहीं किया जाएगा। यानी आवेदन जल्दी जमा करने से किसी विशेष राज्य, शहर या परीक्षा केंद्र के आवंटन में कोई प्राथमिकता नहीं मिलेगी।

बोर्ड ने अभ्यर्थियों से कहा है कि नीट-पीजी 2026 से जुड़े किसी भी प्रश्न, स्पष्टीकरण या सहायता के लिए केवल एनबीईएमएस के आधिकारिक कम्युनिकेशन वेब पोर्टल का ही उपयोग करें। अन्य माध्यमों से भेजे गए प्रश्नों या अभ्यावेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा और उनके उत्तर में देरी हो सकती है।

-----------

   

सम्बंधित खबर