राष्ट्रीय लोकदल ने यूपी के चुनाव की तैयारियों को लेकर किया मंथन

लखनऊ, 18 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय तथा राज्य मंत्री जयंत चौधरी के निवास स्थान 25, तुगलक रोड, नई दिल्ली पर गुरुवार एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर पार्टी के विभिन्न स्तर के पदाधिकारियों से विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय एवं ज़िला स्तर के वरिष्ठ नेताओं, राज्य पदाधिकारियों और संगठन प्रभारियों ने हिस्सा लिया। यह जानकारी पार्टी के केंद्रीय जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र चौधरी ने दी।

उन्होंने बयान जारी कर बताया कि बैठक में विचार विमर्श के बाद पार्टी अध्यक्ष ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए 'टीम आरएलडी' का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि इसमें एक एक समर्पित सहायक संगठन होगा, जो गांव और वार्ड स्तर पर जनसंगठन और जमीनी तैयारी पर केंद्रित होगा। यह टीम राज्य से लेकर जिला, विधानसभा और गांव/वार्ड स्तर तक कार्य करेगी।

इसके लिए हर गांव और वार्ड में एक जिम्मेदार संपर्क सूत्र और सक्रिय कार्यकर्ता नियुक्त किए जाएंगे। वे मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाएंगे। पार्टी तथा जनता के बीच एक सीधा सेतु का काम करेंगे। इस ढांचे के माध्यम से पार्टी का लक्ष्य एक ऐसा जमीनी संगठन खड़ा करना है, जो चुनाव के दिन तक निरंतर और अनुशासित ढंग से सक्रिय रहे।

बैठक के दौरान पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी ने इस बात पर जोर दिया कि लोकतंत्र में हर एक वोट का महत्व है और पार्टी का हर कार्यकर्ता इस जिम्मेदारी को समझे कि मतदान के दिन हर पात्र मतदाता तक पहुंचना और उसे मतदान केंद्र तक लाना उसका कर्तव्य है।

------------

   

सम्बंधित खबर