'सजग कोरबा, सतर्क कोरबा' अभियान: जिलेभर में 49 जगहों पर नाकेबंदी, पुलिस की मॉक ड्रिल से परखी गई त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता
- DSS Admin
- Jul 04, 2026

कोरबा, 04 जुलाई (हि. स.)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने शनिवार को बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत पूरे जिले में एक साथ मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसके साथ ही 49 चिन्हित स्थानों पर नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान भी चलाया गया।
इस दौरान थाना और चौकी प्रभारियों ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया।
दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में कुल 49 नाकेबंदी पॉइंट बनाए गए, जहां पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। प्रत्येक स्थान पर बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों की व्यवस्थित जांच की गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और उनके दस्तावेजों की गहन जांच करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने लगातार विभिन्न नाकेबंदी स्थलों की निगरानी की।
वायरलेस संचार प्रणाली, बैरिकेडिंग और अन्य उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से पुलिस टीमों के बीच समन्वय का भी मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि सभी स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई हो रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। पुलिस कर्मियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
कोरबा पुलिस के अनुसार इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाना, आपात परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई की क्षमता का परीक्षण करना तथा अपराध और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इस अभ्यास के माध्यम से पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता और आपातकालीन परिस्थितियों में कार्य करने की दक्षता का भी आकलन किया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने स्पष्ट किया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों पर प्रभावी निगरानी रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए जिलेभर में नियमित रूप से नाकेबंदी, वाहन जांच और मॉक ड्रिल आयोजित की जाती रहेंगी।

