पंजाब-चंडीगढ़ में आज से मौसम रहेगा साफ:सुबह-शाम ठंड बढ़ेगी, तापमान सामान्य से 9.6 डिग्री कम, गुरदासपुर सबसे गर्म
- Admin Admin
- Oct 08, 2025
पिछले दिनों से हो रही बारिश और हिमाचल में हुई बर्फबारी की वजह से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदल गया है। ठंड का एहसास होने लगा है। 24 घंटे में तापमान में 0.6 डिग्री की कमी आई है, जो कि सामान्य तापमान से 9.6 डिग्री कम है। सबसे अधिक तापमान 30.5 डिग्री गुरदासपुर में दर्ज किया गया है। वहीं, आज से मौसम साफ रहने की उम्मीद है। 13 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। आज मौसम पूरी तरह से शुष्क रहेगा। किसी तरह की कोई चेतावनी विभाग ने जारी नहीं की है। अब दिन और रात का तापमान होगा कम मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, पंजाब और चंडीगढ़ के अधिकतर शहरों में तापमान गिरा है। सभी शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। चंडीगढ़ में कल का दिन सबसे ठंडा रहा। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक 8 अक्टूबर से उत्तर-पश्चिमी हवा चलने से तापमान, खासकर रात्रि तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अब सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का एहसास होगा। दिवाली के बाद दिन में भी ठंड महसूस होगी। इस माह के आखिर में बदलेगा मौसम मौसम विभाग केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पंजाब के मौसम में सुधार शुरू हो जाएगा। तापमान में गिरावट आने लगेगी। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। पहाड़ों पर भी असर देखने को मिलेगा क्योंकि वहां बर्फबारी हुई है। हिमाचल में भी बारिश कम हो जाएगी। इसके बाद 5 से 7 दिनों तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और मौसम सामान्य रहेगा। हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिम की ओर हो जाएगी, जिससे मौसम शुष्क रहेगा। इसके बाद दो पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, जिससे फिर मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है।



