जम्मू में अब बनेंगे ५० अतिरिक्त डॉक्टर

 जीएमसी जम्मू में एमबीबीएस की 50 नई सीटों को मंजूरी, अब कुल प्रवेश क्षमता 250 हुई
जम्मू। स्टेट समाचार
जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने बताया कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में एमबीबीएस की 50 अतिरिक्त सीटों को मंजूरी दे दी है। मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) द्वारा जारी लेटर ऑफ परमिशन (एलओपी) के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जीएमसी जम्मू की वार्षिक प्रवेश क्षमता 200 से बढक़र 250 सीटें हो जाएगी। विभाग के अनुसार इससे पहले 10 जुलाई 2026 को एनएमसी ने जीएमसी श्रीनगर में भी 50 अतिरिक्त एमबीबीएस सीटों की अनुमति दी थी, जिसके बाद वहां की कुल प्रवेश क्षमता भी 250 सीटों तक पहुंच गई है।
स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अतिरिक्त सीटों की मंजूरी का स्वागत करते हुए कहा कि यह निर्णय जम्मू-कश्मीर में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार, स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और स्थानीय युवाओं को मेडिकल शिक्षा के अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग का कहना है कि सरकार चिकित्सा संस्थानों की क्षमता बढ़ाने और भविष्य के लिए अधिक प्रशिक्षित स्वास्थ्य पेशेवर तैयार करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

   

सम्बंधित खबर