छह छात्राओं को जोरदार टक्कर मारकर घायल करने के मामले में पाॅक्साे एक्ट की धारा बढ़ाई

मुरादाबाद, 9 फरवरी (हि.स.)। महानगर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के रामगंगा विहार में गोल्डन गेट स्कूल के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार द्वारा शिरडी साईं पब्लिक स्कूल अगवानपुर की छह छात्राओं को जोरदार टक्कर मारने के मामले में थाना सिविल लाइन इंस्पेक्टर ने बीती रात्रि विवेकानंद अस्पताल पहुंचकर तीन छात्राओं के बयान दर्ज किए। जिसमें पीड़िताओं ने बताया कि आरोपितों ने उनके साथ छेड़खानी की, जिसका विरोध किया तो उन्होंने उन पर कार चढ़ाकर मारने की कोशिश की। रविवार को पुलिस ने छात्राओं के बयान के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धारा भी बढ़ा दी है। वहीं आज विभिन्न सामाजिक और राजनैतिक संगठनों के पदाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्राओं का हालचाल जाना और उनके परिजनों को हिम्मत बंधाई। भाजपा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की महानगर संयोजिका अल्पना रितेश गुप्ता ने आज घायल छात्राओं का हालचाल जाना।

सिविल लाइंस क्षेत्र की अलग-अलग कॉलोनी में रहने वाली छह छात्राएं एक ही स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती हैं। शुक्रवार एडमिट कार्ड लेने के बाद घर लौटते समय छात्राएं रामगंगा विहार में गोल्डन गेट ग्लोबल स्कूल के पास खड़ी होकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार मार ने टक्कर मार दी थी। जिसमें सभी छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। लोगों ने कार चला रहे आरोपित सिविल लाइंस के नवीननगर निवासी शगुन सिंह को मौके पर पकड़ लिया। जबकि उसके साथ कार में सवार चार युवक भाग गए थे। इस मामले में एक छात्रा के पिता की तहरीर शगुन, उसके साथी लक्ष्य बरेजा, उदय कौशिक, यश सिरोही और दिव्यांशु केस दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने बताया कि कार सवार युवकों ने उनकी बेटी और उसकी सहेलियों के साथ छेड़खानी की। छात्राओं ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर कार चढ़ा दी।

सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने रविवार को बताया कि सिविल लाइंस के नवीननगर निवासी शगुन, लक्ष्य बरेजा और उदय कौशिक को गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार देर शाम को तीनों को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से उन्हें जिला कारागार भेज दिया था। इस मामले में फरार यश सिरोही और दिव्यांशु की तलाश में पुलिस ने उनके व उनके परिचतों के घर पर लगातार दबिश दे रही है।

वहीं थाना सिविल लाइंस एसएचओ मनीष सक्सेना ने बताया कि केस की विवेचना शुरू कर दी गई है। विवेचक ने तीन छात्राओं के बयान दर्ज किए हैं। तीनों छात्राएं नाबालिग हैं। दो छात्राएं आईसीयू में भर्ती है। जबकि एक छात्रा को दिल्ली रेफर किया है। इन छात्राओं के ठीक होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे। जिन छात्राओं के बयान दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कार सवार आरोपियों ने उनके साथ छेड़खानी की। उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर कार चढ़ा दी थी। पुलिस ने छात्राओं के बयान के आधार पर केस में पॉक्सो एक्ट की धारा बढ़ा दी है।

कार मालिक को भी बनाया जाएगा आरोपी, जनपद संभल निवासी महावीर सिंह के नाम है रजिस्टर्ड :

शिरडी साईं पब्लिक स्कूल अगवानपुर की छह छात्राओं को जोरदार टक्कर मारने वाली कार के मालिक को भी पुलिस आरोपित बनाएगी। सिविल लाइन सर्किल के क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने रविवार को बताया कि पकड़े गए आरोपितों से पूछताछ में पता चला कि उन्होंने यह कार किराये पर ली थी। जबकि किसी के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। बावजूद इसके मालिक ने उन्हें कार सौंप दी। आरोपित शगुन, लक्ष्य और उदय ने पूछताछ में बताया कि दिव्यांशु ने कार किराये पर ली थी। उसे रील बनानी थी। लेकिन उसके पास भी लाइसेंस नहीं है। सीओ के अनुसार छात्राओं की टक्कर मारने वाली कार शाहजहांपुर आरटीओ से पंजीकृत है। कार का रजिस्ट्रेशन महावीर सिंह के नाम है। महावीर सिंह जनपद संभल के चंदौसी रोड तिगरी निवासी है। दिव्यांशु के पकड़े जाने के बाद पुलिस उसके बयान दर्ज कर कार मालिक को भी आरोपी बनाएगी। उसने बिना लाइसेंस धारियों काे कार किराये पर दी थी। इसके बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर