
पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंचे कालोनीवासी, सुरक्षा की लगाई गुहार
रोहतक, 15 मार्च (हि.स.)। इंदिरा कालोनी में मामूली कहासुनी को लेकर झगडा हो गया और असमाजिक तत्वों द्वारा ईट-पत्थरों से हमला किया गया, जिसमें एक बुजुर्ग सहित आधा दर्जन के करीब लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में पता किया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
शनिवार सुबह इंदिरा कालोनी के निवासी पुलिस अधीक्षक आवास पर पहुंचे और असमाजिक तत्वों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। साथ ही कालोनी वासियों ने आरोप लगाया कि कालोनी में नशे कारोबार चरम सीमा पर है और पुलिस ने कई बार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कारवाई भी की, लेकिन नशे का कारोबार करने वाले लोग कालोनी वासियों से रंजिश रखे हुए है।
कालोनीवासियों ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते असमाजिक तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक ने कालोनी वासियों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में कारवाई करते हुए कुछ असमाजिक तत्वों को भी हिरासत मे लिया है। इंदिरा कालोनी निवासियों ने बताया कि दुल्हडी के दिन शाम को कुछ असमाजिक तत्व अद्र्धनगन होकर हुडदंगबाजी कर रहे थे और जब कालोनी वासियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो वह झगडा करने लगे और उन पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में एक बुजुर्ग सहित करीब आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कालोनी वासियों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए नशे का कारोबार करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कारवाई की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल