सलाहकार नासिर असलम वानी ने लोलाब के दूरदराज क्षेत्रों का दौरा किया

जम्मू। मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने लोलाब उपमंडल के कलारूस के दूरदराज क्षेत्र मूरी का दौरा कर स्थानीय लोगों की विकास संबंधी समस्याओं और जरूरतों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हालिया क्लाउडबर्स्ट से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। नासिर असलम ने मूरी के सोना पेंड गांव का दौरा किया, जहां क्लाउडबर्स्ट के कारण कई रिहायशी मकानों और एक मस्जिद को नुकसान पहुंचा था। प्रभावित लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रभावित परिवारों और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे की बहाली एवं पुनर्वास के लिए विशेष सहायता की घोषणा की है।
सलाहकार ने कस्बा कलारूस में लस्तियाल पुल के पास प्रस्तावित स्पोर्ट्स स्टेडियम के लिए चिन्हित भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पोर्ट्स काउंसिल श्रीनगर के कार्यकारी अभियंता को निर्माण कार्य एक सप्ताह के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान मूरी से आए विभिन्न जनप्रतिनिधिमंडलों ने सडक़ संपर्क, पेयजल, राशन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उनके समक्ष रखे। वानी ने भरोसा दिलाया कि लोगों की जायज समस्याओं को संबंधित विभागों के साथ उठाकर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देने तथा सर्दियों के मद्देनजर विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए।
सलाहकार ने सोना पेंड गली, नरीजेब, लदाह, कोठियां, नागसरी, थायन गुज्जरां, मूरी और आसपास के गांवों का भी दौरा किया। इससे पहले उन्होंने सोगाम में अधिकारियों के साथ बैठक कर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और तत्काल समाधान की जरूरत वाले प्रमुख मुद्दों की जानकारी ली। बैठक में एसीडी कुपवाड़ा, एसीपी कुपवाड़ा, एडी फूड, स्पोर्ट्स काउंसिल के कार्यकारी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

   

सम्बंधित खबर