‘एयरो इंडिया' में इटली और ब्रिटेन के रक्षा अधिकारियों के साथ हुईं द्विपक्षीय बैठकें
- Admin Admin
- Feb 11, 2025
![](/Content/PostImages/922351c562350bd148d353211561606e_2110131444.jpg)
- स्वदेशी प्रणालियों के विकास में भारत की बढ़ती क्षमताओं के बारे में चर्चा की गई
बेंगलुरु, 11 फरवरी (हि.स.)। एयरो इंडिया में हिस्सा लेने आये मित्र देशों के रक्षा अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय बैठकों का दौर शुरू हो गया है। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह द्विपक्षीय बैठकें करके भारत के साथ रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा कर रहे हैं। इटली के रक्षा उप मंत्री माटेओ पेरेगो डि क्रेमनागो के साथ बैठक में स्वदेशी प्रणालियों के विकास में भारत की बढ़ती क्षमताओं के बारे में चर्चा की गई। रक्षा सचिव ने ब्रिटेन के मंत्री लॉर्ड वर्नोन कोकर के साथ ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद की गोलमेज बैठक की सह-अध्यक्षता की।
रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने बेंगलुरु में 15वें एयरो इंडिया के अवसर पर कई द्विपक्षीय बैठकें की। इटली के रक्षा उप मंत्री माटेओ पेरेगो डि क्रेमनागो के साथ अपनी बैठक में उन्होंने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। बैठक में उपकरणों के निर्माण और स्वदेशी प्रणालियों के विकास में भारत की बढ़ती क्षमताओं के बारे में चर्चा की गई। मंत्रियों ने सभी क्षेत्रों में संबंधों को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
ब्रिटेन के मंत्री लॉर्ड कोकर के साथ बैठक के दौरान संजय सेठ ने द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की समीक्षा की और दोनों देशों ने संबंधों को मजबूत करने का संकल्प लिया। उन्होंने शांति, समृद्धि और नियम-आधारित विश्व व्यवस्था के लिए द्विपक्षीय रूप से और अन्य भागीदारों के साथ काम करने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई। विशेष रूप से हिंद-प्रशांत और हिंद महासागर क्षेत्र में जहां सहयोग के आधार पर समुद्री और अन्य क्षेत्रों में बेरोकटोक नौवहन और कानून का शासन सुनिश्चित होगा। रक्षा राज्यमंत्री ने लेसोथो के प्रधानमंत्री कार्यालय (रक्षा एवं सुरक्षा) के मंत्री लिंफो ताऊ के साथ अपनी बैठक में रक्षा निर्यात के क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं तथा सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने ब्रिटिश मंत्री लॉर्ड कोकर के साथ द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने दोनों देशों के बीच जारी रक्षा सहयोग, विशेष रूप से औद्योगिक और समुद्री क्षेत्र में जारी सहयोग की समीक्षा की। उन्होंने इलेक्ट्रिक प्रोपल्शन और एयरो इंजन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। इससे पहले रक्षा सचिव ने लॉर्ड कोकर और भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरून के साथ ब्रिटेन-भारत व्यापार परिषद की गोलमेज बैठक की सह-अध्यक्षता की।
इस गोलमेज बैठक में भारतीय और ब्रिटेन की रक्षा कंपनियों के लिए वर्तमान समय में जारी और भविष्य की संयुक्त परियोजनाओं पर एक साथ काम करने के अवसरों पर चर्चा की गई।
इस बैठक में ब्रिटेन के कई रक्षा उद्योगों ने भाग लिया। इसमें भारतीय उद्योग जगत का प्रतिनिधित्व सोसाइटी ऑफ इंडियन डिफेंस मैन्युफैक्चरर्स के नेतृत्व ने किया।रक्षा सचिव ने इटली के रक्षा उप-मंत्री माटेओ पेरेगो डि क्रेमनागो के साथ भी द्विपक्षीय बैठक की। उन्होंने रक्षा सहयोग गतिविधियों को बढ़ाने के तरीकों और उपायों पर चर्चा की जिसमें सामुद्रिक एवं हवाई सेवाओं में आदान-प्रदान में वृद्धि और भारत व इटली की कंपनियों के लिए संयुक्त परियोजना के अवसर शामिल हैं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम